LOADING...
4 करोड़ की नौकरी छोड़ टेक कर्मचारी ने शुरू किया रेस्टोरेंट, किया 22 करोड़ का कारोबार
4 करोड़ की नौकरी छोड़ कर्मचारी ने शुरू किया रेस्टोरेंट (प्रतीकात्मक तस्वीर)

4 करोड़ की नौकरी छोड़ टेक कर्मचारी ने शुरू किया रेस्टोरेंट, किया 22 करोड़ का कारोबार

Jun 26, 2026
11:33 am

क्या है खबर?

माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, यूट्यूब और क्रूज जैसी बड़ी कंपनियों में करीब 14 साल काम करने वाले 35 वर्षीय सलाहोदीन अब्दुल-काफी ने अपनी लगभग 4.25 करोड़ रुपये सालाना की नौकरी छोड़ दी। बिजनेस इंसाइडर की रिपोर्ट के अनुसार, सलाहोदीन ने नौकरी छोड़ी, क्योंकि टेक इंडस्ट्री में सिर्फ मुनाफे पर बढ़ते फोकस से वह निराश हो गए थे। इसके बाद उन्होंने अमेरिका के टेक्सास में हलाल बारबेक्यू (BBQ) रेस्टोरेंट शुरू करने का फैसला लिया और नई शुरुआत की।

आइडिया

दोस्तों की सलाह से मिला कारोबार का आइडिया

सैन फ्रांसिस्को छोड़ने के बाद अब्दुल-काफी ने कम वेतन पर एक धार्मिक गैर-लाभकारी संस्था में काम शुरू किया। खाली समय में वह दोस्तों के लिए बारबेक्यू बनाकर डिनर पार्टियां आयोजित करते थे। दोस्तों को उनका खाना इतना पसंद आया कि उन्होंने रेस्टोरेंट खोलने की सलाह दी। इसके बाद दिसंबर, 2024 में उनका टेक्सास में हलाल BBQ रेस्टोरेंट शुरू हुआ और पहले ही दिन तैयार किया गया पूरा खाना बिक गया।

कमाई

रेस्टोरेंट की कमाई तेजी से बढ़ी

अब्दुल-काफी ने बताया कि उनका रेस्टोरेंट पिछले साल करीब 23 लाख डॉलर (लगभग 22 करोड़ रुपये) का राजस्व हासिल कर चुका है। इस साल कारोबार 40 लाख डॉलर (लगभग 38 करोड़ रुपये) के बड़े आंकड़े तक पहुंचने का अनुमान है। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि रेस्टोरेंट शुरू करने के बाद उन्होंने खुद कोई वेतन नहीं लिया है और अब भी अपनी पुरानी बचत के सहारे ही खर्च चला रहे हैं।

Advertisement

खर्च

खर्च भी है बहुत ज्यादा

अब्दुल-काफी के अनुसार, रेस्टोरेंट शुरू करने में करीब 10 लाख डॉलर (लगभग 9.50 करोड़ रुपये) का शुरुआती निवेश हुआ था, जिसकी भरपाई अभी बाकी है। उन्होंने बताया कि हर महीने कारोबार चलाने में लगभग 2.15 लाख डॉलर (लगभग 2 करोड़ रुपये) खर्च होते हैं। इसमें खाने की सामग्री, कर्मचारियों का वेतन, किराया, मार्केटिंग और दूसरे संचालन खर्च शामिल हैं। उनका कहना है कि अच्छी कमाई के बावजूद इस कारोबार को संभालना अभी भी आसान नहीं है।

Advertisement