बिहार: औरंगाबाद में छठ पूजा का प्रसाद तैयार करते समय फटा सिलेंडर, 30 लोग घायल
क्या है खबर?
बिहार के औरंगाबाद में छठ पूजा के लिए प्रसाद तैयार करते समय सिलेंडर फटने से 30 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। इनमें से 10 की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण घर में आग लगी, जिसकी चपेट में सिलेंडर भी आ गया। सिलेंडर फटने से आग और ज्यादा वीभत्स हो गई।
आग को बुझाने की कोशिश कर रहे सात पुलिसकर्मी भी इसकी लपटों से घिरकर घायल हो गए हैं।
जानकारी
कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू
NDTV के अनुसार, औरंगाबाद जिले के शाहगंज इलाके में अनिल गोस्वामी का परिवार छठ पूजा के लिए प्रसाद तैयार कर रहा था। इसी दौरान वहां आग लग गई और गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ। स्थानीय लोगों के तमाम प्रयासों के बावजूद इस पर काबू नहीं पाया जा सका।
इसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बड़ी मुश्किलों से लपटों पर काबू पाया गया है।
जानकारी
हादसे के कारणों की नहीं हो पाई पुष्टि
हादसे में घायल सभी लोगों को औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से कुछ को निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है। अभी तक हादसे के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है।
बयान
पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना- गोस्वामी
गोस्वामी ने बताया कि उनके घर में छठ पर्व के लिए प्रसाद तैयार हो रहा था। पूरा परिवार प्रसाद बनाने में जुटा था। तभी सिलेंडर से गैर रिसने लगी।
उन्होंने आगे बताया कि परिवार की चीख-पुकार सुनने के बाद आस-पड़ोस के लोग दौड़े और पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद लोग आग बुझाने लगे, तभी पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक आग की लपटें तेज हो हो गई और सिलेंडर में ब्लास्ट में हो गया।
घायलों की सूची
घायलों में से कई की हालत गंभीर
हादसे में घायल हुए पुलिसकर्मियों के नाम प्रीति कुमारी, अखिलेश कुमार, सैफ, मुकुंद राव, जगलाल प्रसाद, मोहम्मद मोज्जम आदि बताए जा रहे हैं।
वहीं आग की लपटों में आकर घायल हुए अन्य लोगों में नगर परिषद अध्यक्ष पद प्रत्याशी अनिल ओडिया, मोहम्मद शाब्दिर, मोहम्मद असलम, राजीव कुमार, छोटू आलम, शहनवाज और अनिल कुमार आदि के नाम शामिल हैं।
इन सभी का इलाज चल रहा है और इनमें से कईयों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बयान
अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा घायलों का इलाज
औरंगाबाद सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ वीरेंद्र प्रसाद ने BBC को बताया कि सिलेंडर ब्लास्ट में 30 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से जख्मी घायलों को पटना और गया रेफर किया गया है। तीन लोगों को पटना मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि कुछ लोग अपनी मर्जी से दूसरे अस्पतालों में चले गए हैं और कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
इस हादसे में किसी की जान नहीं गई है।