पश्चिम बंगाल में कोलकाता समेत कई जिलों में भूकंप के जोरदार झटके, बाहर भागे लोग
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत कई जिलों में शुक्रवार दोपहर लगभग 1:30 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोग सहम गए। रिपोर्ट्स के अनुसार, भूकंप का केंद्र बांग्लादेश में खुलना डिवीजन के सतखीरा के पास था। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (EMSC) के मुताबिक, बांग्लादेश में आए भूकंपी की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.4 मापी गई है। यह भूकंप 35 किलोमीटर की गहराई पर आया था, जिससे नुकसान होने की संभावना बढ़ गई थी।
भूकंप
कोलकाता में हिल गई इमारतें
द टेलीग्राफ ने बताया कि बांग्लादेश में केंद्र होने के बावजूद भी कोलकाता समेत अन्य जिलों में इसके झटके अधिक थे। साल्ट लेक में एक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में रहने वाले 12 वर्षीय बच्चे को यह झटका इतना तेज लगा कि उसने इसे महसूस किया। उसने बताया कि यह इतना शक्तिशाली था कि घर हिल गया। बेहाला में रहने वाली एक युवती ने बताया कि उनका बिस्तर हिल रहा था और कुछ घरों से अलमारी पर रखा सामान भी गिर पड़ा।
घटना
लोगों ने एक्स पर साझा किया अनुभव, घरों से बाहर आए लोग
स्थानीय निवासियों ने एक्स पर अपना अनुभव साझा किया है। एक उपयोगकर्ता ने लिखा, "मैंने अपने जीवन में पहली बार भूकंप के झटके महसूस किए हैं। मनीष पांडेय ने लिखा, "कोलकाता में भूकंप आया- बिस्तर हिल रहा था, पंखा झूल रहा था। एक पल के लिए बहुत डर लगा। उम्मीद है सब सुरक्षित होंगे।" एक अन्य उपयोगकर्ता ने लिखा, "मैं सचमुच अंदर तक हिल गया था।" भूकंप के बाद कई इलाकों में लोग अपने घरों के बाहर खड़े दिखाई दिए।
भूकंप
इस महीने की शुरूआत में भी लगे थे झटके
इससे पहले 3 फरवरी को भी भूकंप का झटका कोलकाता समेत आसपास के जिलों में महसूस किया गया था। उस समय जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) ने बताया था कि 3 फरवरी को म्यांमार में 6.0 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर की उथली गहराई पर था, जिससे इसका व्यापक असर दिखा। हालांकि, किसी जानमाल का नुकसान नहीं हुआ था। इससे कोलकाता समेत पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में तेज झटके महसूस किए गए थे।