Page Loader
मणिपुर: हथियारबंद बदमाशों ने पत्नी और मां पर बंदूक तानकर गायक-गीतकार चिंगंगबम को अगवा किया, छोड़ा
मणिपुर में हथियारबंद बदमाशों ने गायक अखू चिंगंगबम का अपहरण कर छोड़ा (तस्वीर: एक्स/@UpendrraRai)

मणिपुर: हथियारबंद बदमाशों ने पत्नी और मां पर बंदूक तानकर गायक-गीतकार चिंगंगबम को अगवा किया, छोड़ा

लेखन गजेंद्र
Dec 29, 2023
03:58 pm

क्या है खबर?

मणिपुर में जातीय हिंसा के बाद से उग्रवादियों का कहर जारी है। शुक्रवार को हथियारबंद बदमाशों ने मणिपुर के मशहूर गायक और गीतकार अखू चिंगंगबम का अपहरण कर लिया। हालांकि, कुछ देर बाद उनको रिहा कर दिया गया। इंडिया टुडे के मुताबिक, शुक्रवार को इंफाल में चिंगंगबम के आवास में कुछ हथियारबंद बदमाश घुसे और उन्होंने उनकी पत्नी और मां पर बंदूक तान दी। बदमाश चिंगंगबम को अपने साथ ले गए थे। मामले की जांच की जा रही है।

अपहरण

गायक को अपहरण के क्या हैं कारण?

रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने चिंगंगबम के छूटने की जानकारी दी। चिंगंगबम के अपहरण के पीछे उनके सोशल मीडिया पोस्ट को वजह बताई जा रही है, जिसमें वह हिंसा के खिलाफ मानवाधिकारों पर लिख रहे हैं। अपने सांस्कृतिक मंच से भी वह मणिपुर में शांति के लिए आवाज उठा रहे हैं। बता दें कि अखू चिंगंगबम इंफाल पूर्व के खुरई से हैं। वह एक गायक, गीतकार और 'इम्फाल टॉकीज' नामक स्थानीय रॉक बैंड के संस्थापक हैं।

हिंसा

मणिपुर हिंसा में जा चुकी हैं 200 से अधिक जान

मणिपुर में 3 मई से कुकी और मैतेई समुदायों में जातीय हिंसा जारी है। 4 दिसंबर को इंटरनेट से पाबंदी हटते ही तेंगनौपाल जिले में 2 उग्रवादी समूहों के बीच गोलीबारी में 13 लोग मारे गए थे। हिंसा में अब तक कुल 200 लोग मारे गए हैं। बता दें कि मणिपुर में मैतेई आबादी के लगभग 53 प्रतिशत हैं, जो इम्फाल घाटी में रहते हैं, जबकि नागा और कुकी सहित आदिवासी 40 प्रतिशत हैं, जो पहाड़ी जिलों में रहते हैं।