मणिपुर में सुरक्षा बलों ने मैतेई उग्रवादी समूह के 6 लोगों को गिरफ्तार किया
क्या है खबर?
मणिपुर में रुक-रुककर जारी जातीय हिंसा और मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बीच असम राइफल्स और भारतीय सेना ने मिलकर मैतेई उग्रवादी समूह पर बड़ी कार्रवाई की है।
सुरक्षा बल ने अलग-अलग अभियानों में पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलीपाक (प्रोग्रेसिव) (PREPAK) के 2 और प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वार ग्रुप) (KCP) के 4 लोगों को पकड़ा है।
यह कार्रवाई क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चल रहे प्रयासों का हिस्सा बताया गया है।
अभियान
काफी हथियार बरामद हुए
अधिकारियों ने बताया कि पहला अभियान राइफल्स और पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर इफाल पूर्वी जिले के डिंगकू रोड के सामान्य इलाके में चलाया।
यहां 2 लोगों को हिरासत में लिया गया, जो PREPAK से जुड़े हुए थे। दूसरा अभियान भारतीय सेना और मणिपुर पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले के कामेंग सबल गांव में चलाया।
यहां 4 लोगों को पकड़ा गया, जो KCP से जुड़े थे। इनके पास से 5 पिस्तौल, गोला-बारूद, युद्ध के सामान बरामद हुए।
अफीम
अफीम की खेती के खिलाफ अभियान
राज्य में असम राइफल्स मणिपुर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के साथ मिलकर अफीम की खेती के खिलाफ बड़ा अभियान चला रही है।
कांगपोकपी जिले के सहजंग गांव में शुरू किए गए अभियान में सुरक्षा बल खेती को नष्ट कर रहे हैं। इस दौरान आसपास की झोपड़ियों और आश्रय को भी जलाया जा रहा है।
यह मादक पदार्थ के कालाबाजार से निपटने का बड़ा अभियान बताया जा रहा है।