Page Loader
मणिपुर में IED धमाके के बाद गोलीबारी, असम राइफल्स को बनाया गया निशाना
मणिपुर में असम राइफल्स के जवानों पर गोलीबारी

मणिपुर में IED धमाके के बाद गोलीबारी, असम राइफल्स को बनाया गया निशाना

लेखन गजेंद्र
Nov 16, 2023
01:59 pm

क्या है खबर?

मणिपुर में जातीय हिंसा की आग अभी बुझती नजर नहीं आ रही है। गुरुवार को तेंगनौपाल जिले में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) धमाका कर असम राइफल्स को निशाना बनाया गया। हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, घटना के समय असम राइफल्स के जवान नियमित गश्त पर थे। हालांकि, इस हमले में कोई भी जवान घायल नहीं हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि धमाके के बाद जवानों के वाहन पर भारी गोलीबारी भी की गई, जिसका मुंहतोड़ जवाब दिया गया।

हमला

कम तीव्रता वाले लगाए गए थे IED

रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे असम राइफल्स के 20 जवान गश्त कर रहे थे। सैबोल स्थित कंपनी के ऑपरेटिंग बेस से आगे बढ़ते समय उन पर हमला हुआ। अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय सभी जवान बारूदी सुरंग से सुरक्षित वाहन में यात्रा कर रहे थे, इसलिए उन पर धमाके का असर नहीं हुआ। IED कम तीव्रता वाले लगाए गए थे। हमला करने वाले घात लगाकर बैठे थे। सभी सुरक्षा बलों को सतर्क किया गया है।

जांच

हमलावरों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान जारी

सुरक्षा बल के जवानों पर घातक हमले के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया है और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। बता दें कि इस महीने असम राइफल्स के 200 जवानों को मणिपुर के मोरे शहर में हवाई मार्ग से ले जाया गया था। सुरक्षा बल यहां उग्रवादी और म्यांमार से आए घुसपैठियों को बाहर निकालने की कार्रवाई कर रही थी।