मणिपुर के बिष्णुपुर में रॉकेट हमले के बाद भड़की हिंसा; इंटरनेट बंद, कर्फ्यू लगा
क्या है खबर?
मणिपुर में एक बार फिर हिंसा भड़क गई है। सोमवार रात को बिष्णुपुर जिले में एक घर में रॉकेट हमले के बाद 2 बच्चों की मौत के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है। हालात को देखते हुए सरकार ने 5 जिलों में 3 दिनों के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी है औऱ कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगाया गया है। बता दें कि बच्चों की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने थाने पर पथराव किया था।
कर्फ्यू
विष्णुपुर समेत कई जिलों में इंटरनेट बंद
मणिपुर के गृह विभाग ने 7 अप्रैल को जारी एक आदेश के अनुसार, इंटरनेट बंद करने का आदेश इम्फाल पूर्व, इम्फाल पश्चिम, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों पर लागू किया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि यह कदम "गलत सूचना और अफवाहों" के प्रसार को रोकने और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने वाली गतिविधियों को रोकने के लिए उठाया गया है। ये प्रतिबंध 7 अप्रैल को दोपहर 2 बजे से प्रभावी होंगे। विष्णुपुर में कर्फ्यू भी लागू है।
घटना
कैसे शुरू हुई हिंसा?
बिष्णुपुर के मोइरांग के ट्रोंगलाओबी अवांग लेइकाई गांव में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने एक घर पर रॉकेट दागा, जिसमें 5 वर्षीय लड़के और 6 महीने की बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एक पेट्रोल पंप के पास 2 तेल टैंकरों और एक ट्रक में आग लगा दी और अस्थायी पुलिस चौकी को नुकसान पहुंचाया। बाद में पुलिस ने आंसू-गैस के गोले दागे। हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि 19 घायल हैं।