मणिपुर दहला: आग में झुलसा बुजुर्ग किसान, तनाव देख बुलाने पड़े कोबरा कमांडो
देश
मणिपुर के कांगपोकपी जिले में 3-4 अक्टूबर की रात कुछ अज्ञात हमलावरों ने एक धान के खेत में आग लगा दी। इसी आगजनी में 71 साल के कुकी किसान हेमजंग हाओकिप की जान चली गई।
बताया जा रहा है कि वे खेत पर बनी एक झोपड़ी में फंस गए थे और आग की लपटों से बच नहीं पाए।
कुकी-नागा तनाव के बीच कोबरा यूनिट तैनात
इस दुखद घटना ने इलाके में तनाव को और बढ़ा दिया है। खबरें हैं कि नागा समुदाय के लोग कुकी समुदाय के लोगों को खेती करने से रोक रहे हैं। वे उन लोगों को भी परेशान कर रहे हैं जो अपने घर लौटना चाहते हैं।
हालात को देखते हुए राज्य और केंद्रीय सुरक्षा बलों को वहां भेजा गया है। इसमें सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) की कोबरा कमांडो यूनिट भी शामिल है। ये बल अब तलाशी अभियान चला रहे हैं और अशांति में फंसे गांववालों के लिए शांति का माहौल बना रहे हैं।