मंगलुरु: पादरी पर 5 नाबालिगों के यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप, POCSO अधिनियम में FIR दर्ज
मंगलुरु में सेंट विंसेंट फेरार चर्च के एक पादरी पर 5 लड़कों के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। ये सभी लड़के 14 साल के हैं और यह घटना चर्च परिसर में हुई बताई जा रही है। ये आरोप 15 अक्टूबर को सामने आए। एक लड़के ने अपना अनुभव बताते हुए कहा कि पादरी ने उसे चॉकलेट दी और उसकी मुस्कान की तारीफ की, फिर उसने हद पार कर दी।
पुलिस ने POCSO अधिनियम में दर्ज की FIR
इस घटना के बारे में पता चलने के बाद 4 और लड़के सामने आए और उन्होंने भी वैसी ही आपबीती सुनाई। जिस लड़के ने पहले शिकायत की थी, उसके माता-पिता ने मंगलुरु के बिशप से संपर्क किया। बिशप ने लड़के को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। अब पुलिस सख्त बाल संरक्षण कानूनों के तहत मामले की जांच कर रही है। इन गंभीर आरोपों के मद्देनजर, यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम की धारा 8 और 9 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2) के तहत शिकायत दर्ज की गई है।