महाराष्ट्र में अब रेस्टोरेंट में मुफ्त मिलेगा सुरक्षित पानी, FDA ने जारी किए निर्देश
अगर आप महाराष्ट्र में बाहर खाना खाने का सोच रहे हैं, तो जान लीजिए कि अब हर रेस्टोरेंट और खाने की दुकान को आपको मुफ्त और सुरक्षित पीने का पानी देना होगा। अब कोई आपको बोतल बंद पानी खरीदने के लिए दबाव नहीं डाल पाएगा। इन दुकानों और रेस्टोरेंट को यह भी साफ-साफ बताना होगा कि मुफ्त पानी की सुविधा उपलब्ध है, जिसके लिए उन्हें एक साइन बोर्ड लगाना होगा। अगर कोई इन नियमों की अनदेखी करता है, तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा या फिर उसका लाइसेंस भी रद्द हो सकता है।
महाराष्ट्र FDA ने स्वच्छता और मेनू लेबलिंग पर नए निर्देश जारी किए
केवल इतना ही नहीं, खाद्य और औषधि प्रशासन (FDA) के नए निर्देशों के तहत रेस्टोरेंट को हाथ धोने की उचित व्यवस्था करनी होगी। उनके स्टाफ का नियमित रूप से हेल्थ चेक-अप भी कराया जाएगा और सभी कामगारों को खाने की साफ-सफाई और सुरक्षा से जुड़ी ट्रेनिंग देना जरूरी होगा। इसके अलावा, अब बड़े होटल और चेन रेस्टोरेंट को अपने मेनू में खाने की चीजों में मौजूद कैलोरी काउंट और एलर्जेंस (एलर्जी पैदा करने वाले तत्व) की जानकारी भी देनी होगी।