असम: पति ने पत्नी की बेरहमी से की हत्या, पॉलिथीन में लपेटकर सिर फ्रीज में रखा
क्या है खबर?
असम से हत्याकांड का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के गुवाहाटी के हाटीगांव इलाके में एक शख्स ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी और सिर काटकर फ्रीज में रख दिया। जब पड़ोसियों ने दुर्गंध आने की शिकायत की तो मामले का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, महिला का पति इस मामले में मुख्य संदिग्ध माना जा रहा है और उसने आत्मसमर्पण कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
घटना
बुटीक में काम करती थी महिला
मृतक महिला की पहचान 25 वर्षीय रिया तालुकदार के रूप में हुई है जो एक बुटीक में काम करती थी। उसके पति का नाम रामानुजन गोस्वामी है, जो कैब चलाता है। दोनों की कुछ ही महीने पहले शादी हुई थी और गुवाहाटी के बेलटोला इलाके में रहते थे।
6 सितंबर को पड़ोसियों ने घर से दुर्गंध आने की शिकायत की। इसके बाद पुलिस पहुंची तो अंदर का दृश्य देखकर दंग रह गई।
फ्रीज
फ्रीज से बरामद हुए कटा हुआ सिर
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पड़ोसियों ने घर से दुर्गंध आने की सूचना रविवार रात पुलिस को दी थी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस को फर्श पर सिर कटा शव पड़ा मिला। सिर फ्रिज के अंदर से बरामद किया गया।
अधिकारी ने कहा, "शव की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या 24 से 48 घंटे पहले की गई। सिर फ्रिज के अंदर एक प्लास्टिक की थैली में मिला।"