Page Loader
उत्तर प्रदेश: पत्नी की हत्या कर शव के टुकड़े करने वाला आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के सीतापुर में शख्स ने पत्नी के शव के किए टुकड़े

उत्तर प्रदेश: पत्नी की हत्या कर शव के टुकड़े करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Nov 24, 2022
11:58 am

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में दिल्ली के श्रद्धा वॉल्कर हत्याकांड जैसा एक मामला सामने आया है। सीतापुर पुलिस ने एक शख्स को कुछ दिन पहले अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद उसके शव के टुकड़ों को अलग-अलग जगह फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के एक साथी को भी गिरफ्तार किया है जबकि एक अन्य अभी फरार है। बकौल पुलिस, आरोपी शख्स ने हत्या करने की बात कबूल ली है।

वारदात

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, पुलिस को 8 नवंबर को एक खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिला था जिसके कई अंग गायब थे। वहीं, पुलिस को छानबीन के बाद महिला का क्षत-विक्षत सिर समेत अन्य अंग आसपास के इलाके से बरामद हो गए थे। काफी मशक्कत के बाद शव की शिनाख्त ज्योति नामक महिला के रूप में हो पाई थी। इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर मृतका के पति पंकज मौर्या से पूछताछ शुरू की थी।

जानकारी

आरोपी के घर से बरामद हुआ हथियार

पुलिस ने बताया कि आरोपी शख्स के घर से खून से सने कपड़े और हत्या में इस्तेमाल हुआ धारदार हथियार बरामद किया गया है। बकौल पुलिस, आरोपी शख्स ने अपनी पत्नी की पहचान छिपाने के लिए उसके शव के कई टुकड़े कर दिए थे।

अंजाम

पत्नी के नशा करने से नाराज था आरोपी

ANI के मुताबिक, आरोपी शख्स ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी नियमित तौर पर ड्रग्स लेकर नशा करती थी और उसे कई बार अन्य पुरुषों के साथ भी देखा गया था। इस बात से नाराज शख्स का अपनी पत्नी के साथ अक्सर विवाद रहता था हुए और इसी के चलते उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और बाद में शव के टुकड़े कर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए।

हत्या

दिल्ली में श्रद्धा के हुए थे कई टुकड़े

दिल्ली के श्रद्धा वॉल्कर हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। 26 वर्षीय श्रद्धा के लिव-इन पार्टनर आफताब अमीन पूनावाला पर उसकी हत्या करने का आरोप लगा है। जांच में सामने आया है कि आफताब ने शादी का दबाव बनाने पर मई में श्रद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी और उसके शव के 35 टुकड़े कर फ्रीज में रख दिए। इन टुकड़ों को उसने 18 दिन तक अलग-अलग जगहों पर महरौली के जंगलों में फेंका।