Page Loader
बेंगलुरू में पत्नी की हत्या कर कोलकाता आया, सास को गोली मारकर की आत्महत्या

बेंगलुरू में पत्नी की हत्या कर कोलकाता आया, सास को गोली मारकर की आत्महत्या

Jun 23, 2020
03:12 pm

क्या है खबर?

बेंगलुरू में रहने वाले एक 42 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की, फिर कोलकाता आकर सास को गोली मारी और बाद में आत्महत्या कर ली। लोगों के दिल दहला देने वाली घटना की पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला। इसमें मृतक ने लिखा कि यहां आने से पहले उसने बेंगलुरू में अपनी पत्नी की भी हत्या की थी।

जानकारी

पत्नी से अलग रह रहा था अमित

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक अमित अग्रवाल पेशे से CA था। कई साल पहले उसकी शिल्पी धंडानिया के साथ शादी हुई थी। दोनों के 10 साल का एक बेटा भी है। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी अलग रहे थे।

घटना

विवाद होने पर सास को मारी गोली- पुलिस

पुलिस ने बताया कि अमित सोमवार शाम लगभग 5:30 बजे कोलकाता के फूलबागान इलाके स्थित अपने सास-ससुर के फ्लैट पर आया। वहां पर उन लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद अमित ने पिस्तौल निकालकर बिल्कुल पास से अपनी सास की हत्या कर दी। यह देखकर उसके ससुर डर गए और फ्लैट का दरवाजा बंद कर बाहर भाग गए। उन्होंने पड़ोसियों को मदद के लिए आवाज लगाई।

बरामदगी

पुलिस ने बरामद किया हत्या में इस्तेमाल हुए पिस्तौल

घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने पाया कि फ्लैट में अमित और उसकी सास की लाश पड़ी है। पुलिस ने अमित की लाश के पास से पिस्तौल बरामद किया। छानबीन में पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला। इसमें अमित ने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात लिखी थी। कोलकाता पुलिस से सूचना पाकर बेंगलुरू पुलिस ने व्हाइटफील्ड इलाके में स्थित घर से उसकी पत्नी की लाश बरामद की।

जानकारी

घटना की जांच में जुटी पुलिस

अभी तक इस खौफनाक घटना की वजह का पता नहीं चल पाया है और पुलिस इसकी जांच में जुटी है। पुलिस ने मृतक के बेटे के बारे में सिर्फ यह जानकारी दी है कि वह ठीक है। वह कहां है, यह नहीं बताया गया है।

हेल्पलाइन

मानसिक सेहत को लेकर परेशान लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन

अगर आप या आपका कोई जानने वाले मानसिक सेहत को लेकर परेशान हैं तो तुरंत मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें। इन हेल्पलाइन से भी ऐसे लोगों की मदद मिल सकती है- आसरा- 91-22-27546669 (24 घंटे), स्नेहा फाउंडेशन- 91-44-24640050 (24 घंटे) वांद्रेवला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ- 1860-2662-345 और 1800-2333-330 (24 घंटे) आईकॉल- 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक सुबह 8 से रात 10 बजे तक) और कनेक्टिंग NGO- 1800-2094-353 हेल्पलाइन जो 12 बजे से रात 8 बजे तक खुली रहती है।