बिहार: पत्नी के निजी फोटो-वीडियो वायरल करने पर पति गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर पत्नी के निजी फोटो और वीडियो डालने के बाद बिहार के कटिहार से दयानंद कुमार नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। साल 2023 में उनकी शादी हुई थी, लेकिन उनके बीच शुरुआत से ही तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि दयानंद कुमार को अपनी पत्नी पर किसी और के साथ संबंध होने का शक था। पत्नी ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर दयानंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
दयानंद ने जुर्म कबूला
पूछताछ के दौरान दयानंद कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने गुस्से में आकर अपनी पत्नी के निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिए थे। पुलिस ने आरोपी के फोन से तस्वीरें और वीडियो बरामद कर लिए हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि क्या उसने ये तस्वीरें और वीडियो कहीं और भी साझा किए थे। इस मामले पर साइबर पुलिस के DSP आसिफ आलम ने कहा कि यह एक गंभीर कानूनी अपराध है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बनाने या चर्चा में आने के लिए ऐसी हरकतें करते हैं। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है। यह मामला डिजिटल प्राइवेसी और साइबर अपराध से जुड़ी गंभीर चिंताओं को उजागर करता है।