मुंबई: मुहर्रम जुलूस में जहरीले कैप्सूल बांटता शख्स गिरफ्तार, 14,000 कैप्सूल बरामद
क्या है खबर?
मुंबई से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मुहर्रम जुलूस के दौरान जहरीले कैप्सूल बांटता हुआ एक शख्स गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि युवक ने इस कैप्सूल में जिंक फॉस्फाइड नामक जहरीला पदार्थ भर रखा था और लोगों को दर्द दूर करने की दवा बताकर बांट रहा था। समय रहते पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके पास से 14,900 कैप्सूल बरामद किए गए हैं।
घटनाक्रम
कैप्सूल खाने से 11 लोग हुए बीमार
मामला मुंबई के जेजे और भायखला इलाके का है। यहां शुक्रवार रात मुहर्रम के जुलूस के दौरान रहमतबाद कब्रिस्तान के पास एक युवक लोगों को कैप्सूल बांट रहा था। युवक का दावा था कि ये कैप्सूल दर्द निवारक और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले हैं। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, कैप्सूल खाने के बाद 11 लोग बीमार पड़ गए। इसके बाद लोगों को शक हुआ और पुलिस से शिकायत की गई।
सतर्कता
सतर्कता से टली बड़ी साजिश
जुलूस के दौरान एक महिला स्वयंसेवक ने सबसे पहले आरोपी को संदिग्ध तरीके से गोलियां बांटते हुए देखा। इसके बाद उसे रोका और पुलिस को सूचना दी। लाउडस्पीकर के जरिए भी लोगों से कैप्सूल न खाने की अपील की गई। इसके बाद पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ये कैप्सूल रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली गोलियां हैं। जब कैप्सूल खोलकर देखा गया तो उनके अंदर से पाउडर जैसा पदार्थ निकला। इसके बाद युवक को हिरासत में लिया गया।
पुलिस
आरोपी के पास से कैप्सूल का जखीरा बरामद
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के कैप्सूल भंडार पर छापा मारा और उसे जब्त कर लिया। उसके पास से 14,900 कैप्सूल बरामद किए गए। हर कैप्सूल में एक ग्राम के करीब जहरीला पदार्थ भरा गया था। पुलिस उपायुक्त (DCP) जयंत मीना ने पुष्टि की है कि आरोपी ने कैप्सूल में जिंक फॉस्फाइड मिलाया था। उन्होंने कहा कि आरोपी ने 30,000 खाली कैप्सूल और 50 किलोग्राम फास्फोरस का ऑर्डर भी दिया था।
आरोपी
आरोपी बोला- 15,000 लोगों को मारना चाहता था
आरोपी की पहचान पुणे के रहने वाले फैयाज प्रेमजी के तौर पर हुई है। उसने स्नातक की पढ़ाई की है और पुताई का काम करता है। उसने 2025 में ईरान और इराक की यात्रा की थी। पुलिस इन यात्राओं के पीछे उद्देश्य का भी पता लगा रही है। प्रेमजी ने कबूल किया कि उसका मकसद जुलूस में शामिल हजारों लोगों को मारना था। उसने कथित तौर पर पुलिस को बताया, "मैं कम से कम 15,000 लोगों को मारना चाहता था।"