Page Loader
पंजाब: भठिंडा में तोड़ी गई गांधी की मूर्ति, अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
पंजाब: भठिंडा में तोड़ी गई गांधी की मूर्ति

पंजाब: भठिंडा में तोड़ी गई गांधी की मूर्ति, अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

Jul 16, 2022
05:33 pm

क्या है खबर?

पंजाब के भठिंडा जिले में महात्मा गांधी की प्रतिमा तोड़े जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, असामाजिक तत्वों ने गुरुवार और शुक्रवार के बीच की रात को भठिंडा जिले की रामा मंडी के एक पार्क में लगी महात्मा गांधी की तीन फीट की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया है। जिस जगह यह प्रतिमा लगी है, उसे गांधी पार्क के नाम से जाना जाता है। बदमाशों की पहचान के लिए पुलिस CCTV फुटेज की मदद ले रही है।

जानकारी

जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस

इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, यह पार्क भठिंडा से लगभग 30 किलोमीटर दूर रामा मंडी स्थित स्थानीय निकाय के दफ्तर के पास है। प्रतिमा तोड़े जाने का पता शुक्रवार को उस समय चला, जब लोगों ने देखा कि महात्मा गांधी की टूटी हुई प्रतिमा पार्क में घास पर पड़ी है। प्रतिमा का सिर मौके से गायब था। इसके बाद लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी और इलाके के SHO हरजोत सिंह मान मौके पर पहुंचे।

मामला

अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला

मान ने बताया कि पार्क में लगी लाइटें खराब हो गई हैं और देखभाल के लिए कोई माली भी नहीं है। नगर परिषद को अब इस पार्क का ध्यान रखने को कहा गया है। पुलिस ने इस घटना को लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि CCTV की मदद से आरोपियों को पता लगाया जाएगा और जल्द ही आरोपी गिरफ्तार हो जाएंगे।

जानकारी

पुलिस ने की लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

पुलिस ने घटना के बाद लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं। दूसरी तरफ विपक्षी पार्टियों ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं।

बयान

कांग्रेस का राज्य सरकार पर निशाना

घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे शहरी कांग्रेस प्रमुख अशोक कुमार सिंगला ने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं रह गई है। असामाजिक तत्वों में सरकार और पुलिस का कोई खौफ नहीं रहा है। इसके चलते चोरी और डकैती जैसे मामले रोज की बात हो गई है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुरानी घटना

कनाडा में भी तोड़ी गई थी गांधी की मूर्ति

पंजाब से पहले हाल ही में कनाडा के ओंटेरियो प्रांत में महात्मा गांधी की मूर्ति को खंडित करने का मामला सामने आया था। यह मूर्ति योंग स्ट्रीट और गार्डन एवेन्यू में विष्णु मंदिर के पास स्थित थी। कनाडा पुलिस ने इस घटना को पूर्वाग्रह से प्रेरित बताया था। वहीं टोरंटो स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने मूर्ति तोड़े जाने को आपराधिक और घृणित कार्य बताते हुए कहा कि इससे कनाडा में भारतीय समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।