अल नीनो का तांडव: महाराष्ट्र की 75 प्रतिशत फसलें प्रभावित, 265 तालुका सूखाग्रस्त घोषित
देश
महाराष्ट्र इस साल गंभीर सूखे से जूझ रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चेतावनी दी है कि अल नीनो के कारण राज्य की लगभग 75 प्रतिशत फसलें इसकी चपेट में आ गई हैं, जिससे भारी फसल नुकसान हुआ है। मानसून की कम बारिश के चलते पूरे राज्य में पानी और चारे की कमी को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं।
महाराष्ट्र के 265 तालुका में सूखे का ऐलान
महाराष्ट्र का आधे से ज्यादा हिस्सा वैसे भी सूखाग्रस्त रहता है, खासकर वे इलाके जो लौटते मानसून पर निर्भर करते हैं। राज्य सरकार पहले ही अपने 358 में से 265 तालुकों, यानी राज्य के 74 फीसदी हिस्से में सूखे का ऐलान कर चुकी है। प्रभावित किसानों की मदद के लिए सरकार ने कई राहत कदम उठाए हैं। इनमें फसल ऋणों का पुनर्गठन, भू-राजस्व में कटौती और बिजली बिलों पर सब्सिडी देना शामिल है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, "हम अभी से इन चुनौतियों का सामना करने की तैयारी कर रहे हैं।"