महाराष्ट्र का बड़ा ऐलान: 1,000 पूर्व अग्निवीरों को मिलेगी तुरंत स्थायी सरकारी नौकरी
महाराष्ट्र सरकार पूर्व अग्निवीरों के लिए 1,000 अतिरिक्त पद बना रही है। ये पद सरकारी और अर्ध-सरकारी संस्थानों में रखे जाएंगे। 'अग्निपथ' योजना के तहत 4 साल की सेवा पूरी करने वाले पूर्व अग्निवीरों को ही इन पदों पर मौका मिलेगा।
सरकार का मकसद है कि सेना में सेवा खत्म करने के बाद इन युवा सैनिकों को गृह, आबकारी और शहरी विकास जैसे विभागों में तुरंत और स्थायी नौकरी मिल सके।
राजेश अग्रवाल समिति करेगी पूर्व अग्निवीरों की भर्ती
पूर्व अग्निवीर पुलिस कांस्टेबल, वन रक्षक, अग्निशमन कर्मी या जेल प्रहरी जैसे पदों के लिए आवेदन कर पाएंगे। इन भर्तियों से जुड़े नियम और अन्य सभी जरूरी जानकारी पर मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में बनी एक समिति काम करेगी।
अभी केंद्र सरकार की तरफ से इस संबंध में कोई गाइडलाइन जारी नहीं हुई है। ऐसे में नौसेना के अग्निवीरों का पहला बैच इसी नवंबर में अपनी सेवा पूरी कर रहा है, और यह फैसला उन्हें तुरंत रोजगार दिलाने में मदद करेगा।