Page Loader
महाराष्ट्र: वाशिम में कुत्ते ने 3 बच्चों समेत 8 पर हमला किया, लोगों ने पीट-पीटकर मारा
महाराष्ट्र के वाशिम में कुत्ते को लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला (प्रतीकात्मक तस्वीर: pixabay)

महाराष्ट्र: वाशिम में कुत्ते ने 3 बच्चों समेत 8 पर हमला किया, लोगों ने पीट-पीटकर मारा

लेखन गजेंद्र
Jul 22, 2024
06:28 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के वाशिम में कुत्ते के हमला करने से नाराज लोगों ने उसको पीट-पीटकर मार डाला। कुत्ता इलाके में लोगों को घूम-घूमकर काट रहा था। स्थानीय मराठी मीडिया के मुताबिक, जिले के रिसोड शहर के अलग-अलग इलाकों में कुत्ते 8 लोगों को निशाना बनाया, जिसमें 3 बच्चे भी शामिल हैं। उनके घर के सामने खेलते समय कुत्ते ने काटा। इसके अलावा एक 70 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती है।

हमला

लोगों ने पीटकर मार डाला

कुत्ते ने अब तक महात्मा फुले नगर, अहबाब नगर, अमरदास नगर और मुल्लागली के निवासियों को घायल किया है। सभी घायल वाशिम के सरकारी अस्पताल में हैं। स्थानीय लोगों को जब कुत्ते के हमले की जानकारी हुई तो उन्होंने उसे घेर लिया और लाठी-डंडे से पीटकर मार डाला। लोगों का कहना है कि भविष्य में कुत्ते के हमले से कोई घायल न हो, इसलिए यह कदम उठाया गया। मामले में पुलिस को भी सूचित किया गया है।

जांच

इससे पहले भी हुए हैं कुत्तों के हमले

वाशिम जिले में इससे पहले भी आवारा कुत्तों के हमले की सूचना सामने आई है। कुछ समय पहले कारंजा शहर के गुलशन नगर में कुत्तों के झुंड ने 8 बकरियों को मार डाला था। इस घटना के बाद इलाके के लोग काफी दहशत में थे। मुंबई के भिवंडी इलाके में भी पिछले दिनों कुत्ते के द्वारा काटे जाने के 100 से ज्यादा मामले सामने आए थे। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से कुत्तों को पकड़ने की मांग की है।