महाराष्ट्र: शिवाजी की प्रतिमा गिरने के मामले में राज्य का संरचनात्मक सलाहकार गिरफ्तार
महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में पिछले दिनों छत्रपति शिवाजी महाराज की 35 फीट ऊंची प्रतिमा गिरने के मामले में शुक्रवार को राज्य के संरचनात्मक सलाहकार को गिरफ्तार किया गया है। कोल्हापुर निवासी चेतन पाटिल को कोल्हापुर अपराध शाखा और मालवण पुलिस के संयुक्त अभियान में सुबह-सुबह गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे मालवण पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पाटिल का नाम प्राथमिकी में दर्ज है। उसने पहले परियोजना के लिए संरचनात्मक सलाहकार होने से इंकार किया था।
मूर्तिकार जयदीप आप्टे फरार
पुलिस ने बताया कि पाटिल का दावा था कि उन्हें केवल मूर्ति के लिए मंच बनाने का काम सौंपा गया था और मूर्ति का काम ठाणे की एक कंपनी ने संभाला था। सोमवार को प्रतिमा गिरने के बाद से पाटिल फरार था। उसके पकड़े न जाने से महाराष्ट्र में काफी नाराजगी देखी जा रही थी। मूर्तिकार जयदीप आप्टे फरार है। आरोप है कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे के दोस्त होने की वजह से उनको ठेका मिला था।
क्या है मामला?
मुंबई से लगभग 480 किलोमीटर दूर कोंकण क्षेत्र में सिंधुदुर्ग के मालवण तहसील के अंतर्गत राजकोट किले में शिवाजी महाराज की 35 फुट ऊंची प्रतिमा सोमवार दोपहर ढह गई। प्रतिमा का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल 4 दिसंबर को नौसेना दिवस पर किया था और किले के समारोह में आए थे। इससे खराब गुणवत्ता को लेकर विवाद और बढ़ गया है। महाराष्ट्र सरकार की शिकायत पर आप्टे और संरचनात्मक सलाहकार पाटिल के खिलाफ FIR दर्ज हुई है।