महाराष्ट्र परिवहन की ई-बस ने अमरावती ने ऑटो को टक्कर मारी, बच्ची समेत 6 की मौत
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के अमरावती जिले में बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां राज्य परिवहन बस ने यात्रियों से भरी एक ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। हादसा वारुद तालुका में राजुरा-वारुद मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के सामने हुआ। मृतकों में सातवीं कक्षा की छात्रा 13 वर्षीय माही प्रवीण मंगलुकर भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय ऑटो में 6 लोग सवार थे। सभी की मौत हुई है।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल की ई-बस (शिवाई) तेज रफ्तार में वारुद से वर्धा जा रही थी। तभी सड़क पर आगे जा आ रही ऑटो को उसने टक्कर मार दी। घटना के बाद ऑटो में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। बस में बैठी सवारी और चालक पूरी तरह सुरक्षित हैं। एक अन्य ऑटो भी बस से टकराया है।
जांच
यात्रियों के अंग भी कट गए, पुलिस ने चालक को गिरफ्तार किया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के बाद सड़क पर कुछ मृतक यात्रियों के हाथ-पैर समेत अन्य अंग भी क्षतिग्रस्त हालत में मिले। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, जबकि चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि एकल सड़क होने की वजह से अक्सर यहां हादसे होते हैं। बस चालक गति धीमी नहीं करते हैं और दूसरे वाहनों से टक्कर होती है।