महाराष्ट्र: सोलापुर में मशहूर मुल्तानी बेकरी के मालिक ने 17वीं मंजिल से कूदकर जान दी
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में एक चौकाने वाली घटना सामने आई है। यहां की मशहूर मुल्तानी बेकरी के 59 वर्षीय मालिक ने इमारत की 17वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। मृतक की पहचान सुनील सदारंगानी के रूप में हुई है। वे दोपहर को विजयपुर रोड स्थित पनाश अपार्टमेंट गए थे और यहीं 17वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। बीजापुर नाका पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
आत्महत्या
घटना के वीडियो ने दिल दहलाया
सदारंगानी इमारत में दाखिल हुए और लिफ्ट की जगह सीढ़ियों से छत पर पहुंचे। तभी उनको कुछ लोगों ने छत पर खड़े होकर हाथ जोड़ते और लेटकर नीचे गिरने की कोशिश करते देखा। इसका वीडियो भी वायरल है। इसकी सूचना अपार्टमेंट के सुरक्षाकर्मी को दी गई तो वह तुरंत छत पर पहुंचा और सदारंगानी को हाथ पकड़कर नीचे लाया। इसके बाद सदारंगानी ने कार की चाबी छत पर छूटने का बहाना बताया और अकेले ऊपर जाकर नीचे कूद गए।
जांच
आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे सदारंगानी
सकाल वेबसाइट के मुताबिक, सदारंगानी पुणे में रहते थे और कुछ दिन पहले पत्नी के साथ सोलापुर आए थे। उनका एक बेटा अमेरिका में और दूसरा पुणे में कारोबारी है। सदारंगानी कभी सोलापुर की मशबूर मुल्तानी बेकरी के मालिक थे, जो अब नहीं चलती। वे आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे और मनोचिकित्सक से इलाज करा रहे थे। पुलिस का कहना है कि उनके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। कारणों की जांच जारी है।
जानकारी
आत्महत्या के विचार पर यहां से लें सहायता
अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।