महाराष्ट्र: पुणे के पिंपरी-चिंचवड में भारी बारिश के कारण इमारत गिरी, 15 से अधिक लोग फंसे
क्या है खबर?
महाराष्ट्र में भारी बारिश का कहर जारी है। बुधवार को पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड इलाके में एक इमारत भरभराकर गिर पड़ी, जिसमें 15 से अधिक लोग दब गए। हादसा मोशी में हुआ है और इमारत मोशी कचरा डिपो के बगल में स्थित है। बताया जा रहा है कि भारी बारिश के कारण कचरे का ढेर इमारत पर गिर गया था। पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं। लोगों को बचाने का प्रयास जारी है।
हादसा
मलबे से 5 लोगों को बचाया गया
बचाव दल में शामिल अधिकारियों का कहना है कि घटना के समय इमारत में 20 से अधिक लोग मौजूद थे, जिसमें 5 लोगों को मलबे से निकाला गया है। बताया जा रहा है कि कचरे के ढेर से सटी होने के कारण वह इमारत पर गिर गया, जिससे इमारत ढह गई। मौके पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है। इमारत के निवासियों के विषय में कोई जानकारी नहीं मिली है।
हादसा
पुणे में बारिश का कहर
पुणे में भारी बारिश का कहर ज्यादा है। एक दिन पहले मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर मिसिंग लिंक भूस्खलन के कारण धंस गया था, जिससे दोनों शहरों के बीच आवाजाही प्रभावित हुई थी। मावल तहसील में लोहगढ़ किले के पास स्थित पाटन गांव में भूस्खलन से एक घर में परिवार के 3 लोग दब गए। पुणे और पिंपरी चिंचवड में एक हफ्ते से बारिश हो रही है, जिसमें 6,000 से अधिक निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
हादसा
मुंबई में चॉल के गिरने से 6 की मौत
मुंबई में भी बारिश की वजह से अब तक 13 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। कुछ दिन पहले मानखुर्द इलाके में भारी बारिश के दौरान 3 मंजिला चॉल गिर गया था, जिसमें 5 बच्चों समेत 6 लोगों की मौत हो गई थी। मुंबई में पेड़ गिरने और खुले मैनहोल में गिरने से भी 5 लोगों की मौत हुई है।