NEET-UG 2026 पेपर लीक: CBI ने कोचिंग अधिकारी दबोचा, NTA तक पहुंची जांच की आंच
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) महाराष्ट्र में NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले की जांच कर रही है। इस मामले में कोचिंग सेंटरों पर शक की सुई घूम रही है। पुणे में डॉ अभंग प्रभु मेडिकल एकेडमी (APMA) के भौतिक विज्ञान शिक्षक और COO तेजस शाह को गिरफ्तार किया गया है। तेजस शाह पर आरोप है कि उन्होंने मनीषा हवालदार से पेपर के लीक हुए सवाल लिए थे। कहा जा रहा है कि मनीषा हवालदार राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी हुई हैं।
CBI ने मॉक पेपर और डिवाइस जब्त किए
APMA का कहना है कि तेजस शाह और मनीषा हवालदार के बीच हुई बातचीत सिर्फ NEET और JEE मेन के सिलेबस से जुड़े विषयों पर स्पष्टीकरण के लिए थी। इसमें कुछ भी गलत नहीं था। APMA के प्रोफेसर सचिन हल्दवनेकर ने बताया कि उन्होंने जिन विषयों पर चर्चा की थी, उनमें से कोई भी विषय आखिर NEET परीक्षा में नहीं पूछा गया। इसके लिए मनीषा हवालदार ने 20,000 रुपये की कंसल्टेंसी फीस ली थी। वहीं, CBI को शक है कि तेजस शाह ने हवालदार से मिली जानकारी के आधार पर कुछ चुनिंदा छात्रों को नोट्स दिए थे। जांच के तहत CBI ने APMA से मॉक पेपर और कुछ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी जब्त किए हैं। लातूर में हुई एक और गिरफ्तारी से पता चलता है कि इस गोरखधंधे में निजी नेटवर्क पहले के अनुमान से कहीं ज्यादा गहरे जुड़े हो सकते हैं।