Page Loader
नागपुर हिंसा के मास्टरमाइंड फहीम खान के घर पर बुलडोजर चला, अवैध हिस्सा तोड़ा गया
नागपुर हिंसा के मास्टरमाइंड फहीम खान के घर पर बुलडोजर चला (प्रतीकात्मक)

नागपुर हिंसा के मास्टरमाइंड फहीम खान के घर पर बुलडोजर चला, अवैध हिस्सा तोड़ा गया

लेखन गजेंद्र
Mar 24, 2025
11:49 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के नागपुर में 17 मार्च को हुई हिंसा का कथित मास्टरमाइंड फहीम शमीम खान के घर पर सोमवार को महानगर पालिका प्रशासन ने बुलडोजर चलाया है। नागपुर निगम की टीम सुबह बुलडोजर और पुलिस दस्ता लेकर यशोधरा नगर स्थित संजय बाग कॉलोनी में पहुंच गई थी। प्रशासन ने फहीम के अतिक्रमण किए गए अवैध हिस्से को गिराया है। इसके अलावा मकान के अन्य हिस्से से छेड़छाड़ नहीं की गई है। इस दौरान काफी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

बुलडोजर

निगम प्रशासन ने दिया था नोटिस

निगम के अधिकारियों ने बताया कि उनको अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी, जिसकी जांच की गई और नियम के अनुसार 24 घंटे के लिए नोटिस भेजा गया था। निगम ने बताया था कि आरोपी का घर बिना नक्शा पास कराए बनाया गया था और नियमों का उल्लंघन हुआ था। नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद बुलडोजर की कार्रवाई की गई है। फहीम खान अभी जेल में बंद है। उसके समेत 6 लोगों पर देशद्रोह का मुकदमा है।

ट्विटर पोस्ट

नागपुर हिंसा के आरोपी का घर गिरा

विवाद

क्या है नागपुर हिंसा का मामला?

नागपुर के महाल इलाके में 17 मार्च को छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के सामने शिव जयंती कार्यक्रम था। कार्यक्रम के बाद विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के 50 कार्यकर्ताओं ने मौके पर औरंगाबाद में स्थित औरंगजेब की कब्र हटाने को लेकर प्रदर्शन शुरू किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने औरंगजेब की तस्वीर और घास से भरे हरे कपड़े को प्रतीकात्मक कब्र बताते हुए जलाया। अफवाह उड़ी कि पवित्र पुस्तक जलाई गई, जिसके बाद दंगा शुरू हुआ था।