Page Loader
मुंबई: कंपनी के स्टोर से 6 महीने में 5.62 करोड़ रुपये के हीरे चोरी, कर्मचारी गिरफ्तार
मुंबई में रत्न कंपनी के स्टोर से 6 महीने में 5.62 करोड़ के हीरे चोरी (प्रतीकात्मक तस्वीर: अनस्प्लैश)

मुंबई: कंपनी के स्टोर से 6 महीने में 5.62 करोड़ रुपये के हीरे चोरी, कर्मचारी गिरफ्तार

लेखन गजेंद्र
Nov 01, 2023
04:55 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक रत्न कंपनी के स्टोर से 6 महीने में 5.62 करोड़ रुपये के हीरे चोरी हो गए। पुलिस ने मामले में कंपनी के 2 कर्मचारियों समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। बीकेसी थाने के पुलिस अधिकारी ने बताया कि जेबी एंड ब्रदर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक संजय शाह ने शिकायत दी कि कंपनी का बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स के भारत डायमंड बोर्स में एक स्टोर है, जहां से 5.62 करोड़ रुपये के हीरे चोरी हुए हैं।

चोरी

शिकायकर्ता ने कंपनी के 2 कर्मचारियों पर जताया था शक

शिकायतकर्ता संजय शाह ने कंपनी के 2 कर्मचारियों, प्रशांत शाह और विशाल शाह, पर चोरी का शक जताते हुए बताया था कि दोनों अप्रैल से हीरे चुरा रहे हैं। दोनों कांदिवली में रहते हैं। पुलिस ने बताया कि कंपनी का पूर्व कर्मचारी निलेश शाह कथित तौर पर चोरी के हीरे बेचने में दोनों की मदद कर रहा था। पुलिस ने धारा 420 समेत कई अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ कर रही है।

घटना

सूरत में लूटे गए थे 5 करोड़ रुपये के हीरे

इससे पहले सितंबर में गुजरात के सूरत के सरसाणा इलाके में 5 लुटेरों ने मिलकर 5 करोड़ रुपये के हीरे लूट लिए थे। हालांकि, उनको 3 घंटे के अंदर पकड़ लिया गया था। अपराधियों ने कर्मचारियों से जिस हीरे के बैग को लूटा था, उसमें GPS ट्रैकर लगा था, जिससे पता लगाते हुए पुलिस ने उन्हें टोल नाके के पास गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया था कि सभी आरोपी मुंबई के रहने वाले थे।