LOADING...
मुंबई पुलिस आयुक्त बने 26/11 हमलों की जांच करने वाले देवेन भारती, विवादों से रहा नाता
देवेन भारती मुंबई के नए पुलिस आयुक्त बने

मुंबई पुलिस आयुक्त बने 26/11 हमलों की जांच करने वाले देवेन भारती, विवादों से रहा नाता

लेखन गजेंद्र
Apr 30, 2025
03:01 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में देवेन भारती को नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। IPS अधिकारी भारती विवेक फनसालकर की जगह लेंगे, जो बुधवार को सेवानिवृत्त हो गए हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी माने जाने वाले भारती 2023 से मुंबई पुलिस के विशेष आयुक्त के रूप में कार्यरत थे। ये पद विपक्ष के विरोध के बीच भाजपा, शिवसेना (एकनाथ शिंदे) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) की नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ महायुति सरकार ने बनाया था।

नियुक्ति

26/11 हमलों की जांच कर चुके हैं भारती

बिहार से 1994 बैच के IPS अधिकारी भारती ने मुंबई 26/11 हमलों की जांच का नेतृत्व किया था। भारती मुंबई में सबसे अधिक समय तक संयुक्त पुलिस आयुक्त रहे। पूर्व की फडणवीस सरकार में उन्होंने संयुक्त पुलिस आयुक्त के रूप में मुंबई के 90 से अधिक थानों का कामकाज देखा था। वे उस समय महाराष्ट्र के सबसे शक्तिशाली पुलिस अधिकारी थे। इसके बाद उद्धव ठाकरे की सरकार ने उन्हें दरकिनार कर महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा निगम (MSSC) का प्रभारी बना दिया।

विवाद

विवादों में भी रहे हैं भारती

भारती का कार्यकाल अंडरवर्ल्ड से कथित संबंध के कारण विवाद से घिरा था। मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर संजय पांडे ने एक रिपोर्ट में भारती के संबंध गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम से जुड़े अपराधियों से होने का आरोप लगाया था। रिपोर्ट एक दोषी अपराधी के दावों पर थी। हालांकि, 2022 में एकनाथ शिंदे और फडणवीस की सरकार ने रिपोर्ट खारिज कर दी। भारती पर भाजपा नेता हैदर आजम की पत्नी के खिलाफ फर्जी दस्तावेज मामला दर्ज न करने का आरोप था।