Page Loader
मुंबई: अटल सेतु पर कार खड़ी करके समुद्र में कूदा इंजीनियर, आर्थिक रूप से था परेशान
मुंबई में अटल सेतु से इंजीनियर ने समुद्र में कूदकर आत्महत्या की

मुंबई: अटल सेतु पर कार खड़ी करके समुद्र में कूदा इंजीनियर, आर्थिक रूप से था परेशान

लेखन गजेंद्र
Jul 25, 2024
02:58 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (अटल सेतु) से समुद्र में कूदकर एक 38 वर्षीय व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान डोंबिवली निवासी श्रीनिवासन कुरुतुरी के तौर पर हुई है। वह पेशे से इंजीनियर बताए जा रहे हैं। उन्होंने बुधवार दोपहर 12:24 बजे नवी मुंबई जाने वाली लेन से कूदकर जान दी। घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें वह अपनी कार सेतु पर खड़ी करके समुद्र में कूदते दिख रहे हैं।

आत्महत्या

आर्थिक रूप से परेशान थे कुरुतुरी

NDTV के मुताबिक, कुरुतुरी कुवैत में कार्यरत थे और 7 से 8 महीने पहले ही भारत लौटे थे और अपना व्यवसाय शुरू किया था। उनके परिवार में उनकी पत्नी और एक 4 साल की बेटी है। परिवार ने बताया कि पिछले साल भी कुरुतुरी ने कुवैत में भी केमिकल पीकर जान देने की कोशिश की थी। परिवार ने पुलिस को बताया कि वह आर्थिक संकट से जूझ रहे थे और अवसाद से ग्रसित थे।

ट्विटर पोस्ट

इंजीनियर ने समुद्र में कूदकर जान दी (सावधान- वीडियो विचलित कर सकता है) 

खोज

आत्महत्या से पहले परिवार से की थी बात

पुलिस ने बताया कि कुरुतुरी सुबह 11:30 बजे अपने घर से निकले थे और आत्महत्या करने से कुछ घंटे पहले अपनी पत्नी और बेटी से फोन पर बात की थी। पुलिस अभी तक शव खोज नहीं पाई है। तलाश के लिए नवी मुंबई पुलिस के अलावा अटल सेतु बचाव दल, तटीय पुलिस और स्थानीय मछुआरों की मदद ली जा रही है। पुलिस ने बताया कि बारिश और हाई टाइड की वजह से खोज अभियान में समस्या आ रही है।

जानकारी

यहां से लें सहायता

अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।