LOADING...
महाराष्ट्र: गढ़चिरौली में 2 महिला नक्सली पुलिस मुठभेड़ में ढेर, छत्तीसगढ़ में 12 नक्सलियों का आत्मसमर्पण
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में 2 महिला नक्सली मुठभेड़ में ढेर (प्रतीकात्मक तस्वीर)

महाराष्ट्र: गढ़चिरौली में 2 महिला नक्सली पुलिस मुठभेड़ में ढेर, छत्तीसगढ़ में 12 नक्सलियों का आत्मसमर्पण

लेखन गजेंद्र
Sep 17, 2025
04:59 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में बुधवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में 2 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। दोनों महिलाएं हैं। पुलिस को सुबह माओवादियों के गट्टा स्थानीय संगठन दस्ता (LOS) के कुछ सदस्यों के एटापल्ली तालुका के मोदास्के गांव से सटे जंगल में डेरा डालने की खबर मिली थी, जिसके बाद यह अभियान चलाया गया था। पुलिस ने दोनों महिला नक्सलियों के शव बरामद कर लिए हैं।

मुठभेड़

स्वचालित AK-47 समेत और गोला-बारूद बरामद

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद विशेष नक्सल-विरोधी कमांडो दस्ते सी-60 की पांच इकाइयों ने जंगल में अभियान चलाया। इस दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों ने बाहरी सुरक्षा घेरा बनाकर अभियान में मदद की। तभी अंधाधुंध गोलीबारी शुरू हो गई, जिसका मुंहतोड़ जवाब दिया गया। पुलिस ने मारे गए नक्सलियों के पास से एक स्वचालित AK-47 राइफल, एक अत्याधुनिक पिस्तौल, गोला-बारूद, नक्सली साहित्य और उनका सामान भी बरामद किया है।

आत्मसमर्पण

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में 12 नक्सलियों का आत्मसमर्पण

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां 12 नक्सलियों ने अपने हथियार डाल दिए हैं, जिसमें 9 पर 18 लाख रुपये का इनाम था। इनमें 5 महिला नक्सली भी शामिल हैं। सभी ने पुलिस अधिकारियों और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के सामने आत्मसमर्पण किया है। सभी नक्सलियों को 50,000 रुपये की राशि दी गई है। उन्होंने राज्य योजना के अनुसार पुनर्वासित किया जाएगा। अब तक जिले में 177 आत्मसमर्पण हो चुके हैं।