पुणे हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल के परिवार को झटका, FDA ने बंद कराई दुकान
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सिया गोयल के परिवार की मसाले और ड्राई फ्रूट्स की दुकान 'बीजी गोयल एंड कंपनी' को बंद करने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के बाद की गई है। खास बात यह है कि यह फैसला ऐसे समय आया है, जब सिया गोयल पहले से ही पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में आरोपी के तौर पर चर्चा में हैं। अधिकारियों ने बताया कि दुकान तब तक दोबारा नहीं खुल पाएगी, जब तक वह इन कमियों को दूर नहीं कर लेती।
FDA ने 8.14 लाख रुपये का सामान जब्त किया
निरीक्षण के दौरान, FDA के अधिकारियों ने 4,172 किलोग्राम उत्पाद जब्त किए हैं। इनमें हल्दी पाउडर, तिल और सोयाबीन चंक्स जैसे सामान शामिल थे, जिनकी कीमत 8.14 लाख रुपये बताई गई है। अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य दिक्कतें लेबलिंग में गड़बड़ी, सामान में मिलावट की आशंका और लाइसेंस का अपडेट न होना थीं। परिवार को आगे के आदेश मिलने तक व्यापारिक गतिविधियां बंद रखने को कहा गया है।
सिया गोयल गिरफ्तार
सिया गोयल इस समय जेल में बंद हैं। उनके साथ चेतन चौधरी को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर 18 जून को पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या की योजना बनाने और उसे अंजाम देने का आरोप है। खबरों के अनुसार, उनके बीच कुछ पुराने निजी संबंध थे, जिसकी वजह से यह अपराध हुआ।