महाराष्ट्र में FDA ने पकड़ी करोड़ों की मिलावट, 21 गिरफ्तार
दूध पीने वाले सावधान हो जाएं! महाराष्ट्र के खाद्य और औषधि प्रशासन (FDA) ने दूध में बड़े पैमाने पर हो रही मिलावट का खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि दूध को लंबे समय तक सही रखने के लिए उसमें सोडियम बाइकार्बोनेट जैसे पदार्थ मिलाए जा रहे थे। अधिकारियों को यह भी शक है कि दूध का स्वाद मीठा करने, SNF (सॉलिड्स-नॉट-फैट) और फैट की मात्रा बढ़ाने के लिए चीनी, खाने का तेल और दूध पाउडर का भी इस्तेमाल किया जा रहा था।
महाराष्ट्र FDA की छापेमारी में 6.33 करोड़ का सामान जब्त
FDA की टीमों ने 10 से 12 जुलाई के बीच 28 जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान करीब 6.33 करोड़ रुपये के खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। इनमें 91,692 लीटर दूध के साथ-साथ 26,000 किलो से ज्यादा स्किम्ड मिल्क पाउडर और स्प्रे-ड्राइड डेयरी क्रीम भी शामिल है। सबसे ज्यादा गड़बड़ियां सोलापुर और अहिल्यानगर में मिलीं। मिलावटी दूध के कई बैचों को तो मौके पर ही तुरंत नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई यहीं नहीं रुकी, 16 FIR दर्ज की गई हैं, 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और पांच खाने-पीने के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं।