LOADING...
महाराष्ट्र: पूर्व मंत्री का बेटा बिना बताए बैंकॉक गया, मिली अपहरण की सूचना; फिर ये हुआ
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री के बेटे का बैंकॉक जा रहा विमान बीच रास्ते से वापस बुलवाया गया है

महाराष्ट्र: पूर्व मंत्री का बेटा बिना बताए बैंकॉक गया, मिली अपहरण की सूचना; फिर ये हुआ

लेखन आबिद खान
Feb 13, 2025
12:23 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। पूर्व मंत्री तानाजी सावंत का बेटा ऋषिराज सावंत अपने 2 दोस्तों के साथ घर वालों को बिना बताए चार्टर्ड विमान से बैंकॉक जा रहा था। इस बीच पुलिस को किसी शख्स से सूचना मिली कि ऋषिराज का अपहरण हो गया है। इसके बाद पुणे से उड़ान भर चुके विमान को बैंकॉक पहुंचने से पहले आधे रास्ते से ही वापस बुला लिया गया।

अपहरण

कर्मचारी ने दी अपहरण की सूचना

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, 10 फरवरी की शाम 4:30 बजे ऋषिराज ने 2 दोस्तों के साथ बैंकॉक के लिए उड़ान भरी थी। इसके थोड़ी देर बाद पुणे पुलिस को सावंत परिवार द्वारा संचालित एक ट्र्स्ट के कर्मचारी से ऋषिराज के अपहरण की सूचना मिली। कर्मचारी ने दावा किया कि ऋषिराज का एक कार में अपहरण कर लिया गया है। इसके बाद तानाजी सावंत ने अधिकारियों को फोन घुमाना चालू किया और मामला क्राइम ब्रांच को सौंपा गया।

उड्डयन मंत्रालय 

मिनटों में नागरिक उड्डयन मंत्रालय तक पहुंच गया मामला

इंडियन एक्सप्रेस से पुणे पुलिस के एक सूत्र ने कहा कि महाराष्ट्र भाजपा नेता और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल के जरिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय से संपर्क किया गया। पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा, "FIR दर्ज होने के बाद हमने DDCA से अनुरोध किया था कि अगर विमान भारतीय क्षेत्र में है तो उसे भारतीय हवाई क्षेत्र में उतरने के लिए कहा जाना चाहिए। हमने बहुत तेजी से काम किया।"

वापसी

अंडमान निकोबार से वापस पुणे आया विमान

जब विमान को वापस पुणे लौटने के लिए कहा गया, तब वह अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के ऊपर उड़ रहा था। विवाद से बचने के लिए पायलट ने ऋषिराज और उनके दोस्तों को घटना के बारे में नहीं बताया। एक अधिकारी ने कहा, "जब हमें परिवार के सदस्यों से फोन आया तो विश्वास नहीं किया, लेकिन मंत्रालय से उचित सत्यापन और अपहरण की घटना का मामला जानने के बाद विमान को वापस पुणे लाया गया।"

राशि

ऋषिराज ने 78 लाख रुपये में बुक किया था विमान

ऋषिराज ने पुलिस को बताया कि उसने 'बिजनेस ट्रिप' के लिए विमान बुक किया था। उन्होंने कहा कि वह एक हफ्ते पहले ही दुबई गए थे और उन्हें डर था कि लगातार बाहर घूमने के परिवार नाराज हो जाएगा, इसलिए उन्होंने घरवालों को नहीं बताया। रिपोर्ट के मुताबिक, ऋषिराज ने जिस विमान को बुक किया था, उसमें 18 लोग बैठ सकते थे। कथित तौर पर इसके लिए 78 लाख रुपये का भुगतान किया गया था।