Loading...
महाराष्ट्र: पहले दोस्त की बाइक को कार से टक्कर मारी, फिर सड़क पर पीट-पीटकर जान ली
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में दोस्त की बाइक को टक्कर मारी फिर सड़क पर पीट-पीटकर जान ली

महाराष्ट्र: पहले दोस्त की बाइक को कार से टक्कर मारी, फिर सड़क पर पीट-पीटकर जान ली

लेखन गजेंद्र
Oct 23, 2026
02:00 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में दिनदहाड़े हुई एक हत्या ने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। हत्या करने वाला आरोपी पवन दिलीप पराशर (22) और मृतक देवेश उर्फ बंटी दीक्षित (36) दोस्त थे। घटना गुरुवार को सुबह साढ़े 10 बजे CIDCO के N-7 इलाके में हुई है, जिसका CCTV फुटेज शुक्रवार को सामने आया है। पराशर ने हत्या के बाद खुद को पुलिस के हवाले कर दिया है। वारदात का कारण रंजिश और व्यापारिक मतभेद बताए जा रहे हैं।

घटना

कैसे की हत्या?

बंटी रोज की तरह सुबह जिम गया था, जिसका पराशर पीछा कर रहा था। जिम से लौटते समय जैसे ही बंटी बजरंग चौक के पास पहुंचा, पराशर ने अपनी तेज रफ्तार कार से उसे टक्कर मार दी।

घटना के बाद पराशर ने आगे से यू-टर्न लिया और खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़े बंटी के पास आया।

उसने उसकी सांस चलती देखी तो कार से डंडा निकालकर उसे तब तक पीटा, जब तक उसकी जान नहीं चली गई।

कारण

पराशर ने क्यों ली जान?

पुलिस ने बताया कि बंटी इलाके में मेस चलाने के साथ अन्य व्यवसाय करते थे। वह सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय थे। बंटी और पराशर ने मिलकर स्थानीय होटलों में सुरक्षा गार्ड मुहैया कराने का काम शुरू किया था।

बाद में व्यवसाय को लेकर काफी मनमुटाव हुआ और झगड़े के बाद दोनों अलग हो गए।

पिछले दिनों डांडिया और रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पराशर ने बदला लेने की ठानी थी।

ADVERTISEMENT

विवाद

पत्नी के छोड़कर जाने से परेशान था पराशर

मराठी मीडिया के मुताबिक, आरोपी पराशर का 10 महीने पहले ही प्रेम विवाह हुआ था, लेकिन एक महीने पहले ही उसका अपनी पत्नी के साथ विवाद हो गया।

उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई थी और अभी तक वापस नहीं लौटी। गणेशोत्सव और नवरात्रि पर भी पत्नी के न लौटने पर पराशर काफी परेशान रहने लगा था।

इस बीच, बंटी के साथ हुए उसके झगड़े ने स्थिति को और बिगाड़ दिया।

ADVERTISEMENT