LOADING...
महादेव सट्टेबाजी ऐप का मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर ओमान में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी
महादेव सट्टेबाजी ऐप का मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर ओमान में गिरफ्तार

महादेव सट्टेबाजी ऐप का मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर ओमान में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी

लेखन गजेंद्र
Jul 08, 2026
05:18 pm

क्या है खबर?

महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप का संचालक सौरभ चंद्राकर ओमान में गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके ऊपर फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट से ओमान में प्रवेश करने का आरोप है। छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला सौरभ अभी मस्कट स्थित हाई-सिक्योरिटी अल-खौद डिटेंशन सेंटर में हिरासत में है। उसे भारत लाने की तैयारी चल रही है। उसे भारतीय एजेंसियों द्वारा जारी इंटरपोल रेड नोटिस के आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने पकड़ा है। वह संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रह रहा था।

आरोप

ED और CBI कर रही हैं जांच

सौरभ महादेव ऐप मामले के प्रमुख आरोपियों में हैं। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी, मनी लॉन्ड्रिंग और हजारों करोड़ रुपये के वित्तीय लेन-देन की जांच कर रहे हैं। सौरभ ने हाल में इंटरपोल रेड नोटिस हटाने की मांग की थी, जिसे इंटरपोल नियंत्रक आयोग ने खारिज कर दिया था। इंटरपोल रेड नोटिस एक अंतरराष्ट्रीय अलर्ट है, जिसमें किसी आरोपी को हिरासत में लेना होता है, ताकि बाद में प्रत्यर्पण हो सके।

जांच

2019 से फरार है सौरभ

सौरभ ने अपने सहयोगी रवि उप्पल के साथ मिलकर दुबई से 6,000 करोड़ का महादेव ऐप नेटवर्क खड़ा किया था। यह ऐप क्रिकेट, फुटबॉल, टेनिस, बैडमिंटन, पोकर, कार्ड गेम और चुनावी परिणामों तक पर अवैध सट्टा संचालित करता था। सौरभ वर्ष 2019 से फरार है। उसे 2024 में UAE में इंटरपोल रेड नोटिस के आधार पर हिरासत में लिया गया था। तब भारत द्वारा प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और बाद में उसे रिहा कर दिया गया था।

Advertisement