मल्टीनेशनल कंपनी के पुरुष शौचालय में धार्मिक अनुष्ठान पर बवाल, मंत्री ने दिए जांच के आदेश
पुणे के हिंजवड़ी इलाके में स्थित एक मल्टीनेशनल कंपनी (MNC) के पुरुषों के शौचालय में एक खास समूह द्वारा धार्मिक अनुष्ठान किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। ये शिकायतें सामने आने के बाद महाराष्ट्र की मंत्री माधुरी मिस्ल ने तुरंत इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। कहा जा रहा है कि इस वजह से बाकी कर्मचारियों को शौचालय का इस्तेमाल करने में काफी दिक्कतें आ रही थीं, जिससे ऑफिस के माहौल पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है।
माधुरी मिस्ल ने की महिला कर्मचारियों से बातचीत करने की अपील
मिस्ल ने कहा कि इन आरोपों से ऑफिस की सुविधाओं तक सभी कर्मचारियों की समान पहुंच और उनके अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने यह भी मांग की कि महिला कर्मचारियों से गोपनीय तरीके से बातचीत की जाए, ताकि यह पता चल सके कि इस पूरे घटनाक्रम के कारण किसी को किसी तरह का दबाव या असहजता तो महसूस नहीं हुई। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऑफिस के माहौल को सभी के लिए सम्मानजनक बनाए रखने के लिए तुरंत कार्रवाई करना बेहद ज़रूरी है।