BRICS की दस्तक: दिल्ली के होटलों में एक भी कमरा नहीं, किराए ने छुए आसमान
दिल्ली में 12-13 सितंबर को BRICS शिखर सम्मेलन होने वाला है। इस वजह से शहर के सभी लग्जरी होटल मेहमानों से खचाखच भरे हुए हैं और उनके किराए आसमान छू रहे हैं। ताज महल और ताज पैलेस जैसे जाने-माने होटलों में तो अब कोई कमरा खाली नहीं है। वहीं द ओबेरॉय और द लीला पैलेस में भी बहुत कम कमरे बचे हैं। ITC मौर्या और शांगरी-ला इरोज जैसे कुछ होटल तो काफी ऊंचे दाम वसूल रहे हैं।
प्रतिनिधियों के आने से दिल्ली में बढ़ी होटलों की कीमतें
होटलों में यह भीड़ दरअसल प्रतिनिधियों के जल्दी आने और सामान्य से ज्यादा दिनों तक रुकने के कारण बढ़ी है। ऐसे में बाकी लोगों के लिए खासकर मध्य दिल्ली के उन इलाकों में जहां दूतावास हैं, पर्यटकों या बिजनेस के लिए आने वाले लोगों के लिए कमरे कम पड़ गए हैं। रेडिसन होटल ग्रुप साउथ एशिया के निखिल शर्मा बताते हैं कि पिछले साल के मुकाबले इस बार होटलों के औसत किराए में 25 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल आया है। आखिरी समय पर होने वाली बुकिंग या कैंसिलेशन की वजह से भी किराए में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।