Page Loader
सरकार और विपक्ष के गतिरोध से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला नाराज, कार्यवाही में नहीं होंगे शामिल
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सदन की कार्यवाही में नहीं हुए शामिल (तस्वीर: ट्विटर/@ombirlakota)

सरकार और विपक्ष के गतिरोध से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला नाराज, कार्यवाही में नहीं होंगे शामिल

लेखन गजेंद्र
Aug 02, 2023
04:55 pm

क्या है खबर?

मणिपुर हिंसा को लेकर सरकार और विपक्ष के गतिरोध से नाराज लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बुधवार को सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं हुए और आगे भी नहीं होंगे। उनकी जगह आंध्र प्रदेश के राजमपेट से सांसद पीवी मिथुन रेड्डी ने संसद की कार्यवाही को आगे बढ़ाया। जानकारी के मुताबिक, बिरला ने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरकार और विपक्ष के लोगों को चेतावनी दी है कि जब तक हंगामा शांत नहीं होता, तब तक वह कार्यवाही में नहीं शामिल होंगे।

संसद

संसद में 10 दिन से जारी है गतिरोध

बता दें कि संसद के दोनों सदनों में बुधवार को मानसून सत्र का 10वां दिन था, लेकिन मणिपुर हिंसा और दिल्ली विधेयक को लेकर गतिरोध बरकरार है। पक्ष और विपक्ष दोनों सदन में शांत नहीं दिख रहे हैं। बुधवार को राज्यसभा में विपक्षी दलों के सांसदों ने मणिपुर हिंसा पर चर्चा के लिए 60 नोटिस दिए, जिनको सभापति जगदीप धनखड़ ने अस्वीकार कर दिया। इसके बाद सभी सांसदों ने वॉकआउट कर दिया और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।