कानपुर-मुंबई में लॉकर चोरी ने खोली पोल, क्या बैंकों में सुरक्षित है आपका पैसा?
कानपुर और मुंबई में बैंक लॉकर से हुई बड़ी चोरियों ने लोगों के मन में यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बैंकों में उनके पैसे और जेवर आखिर कितने सुरक्षित हैं। कानपुर में एक महिला को तो करीब 4 महीने बाद पता चला कि उसके लॉकर से 50 लाख रुपये के गहने गायब हो चुके थे। इसी तरह मुंबई में एक 74 वर्षीय दुबई निवासी जब लगभग 2 साल बाद लौटे, तो उन्हें अपने लॉकर से 81.8 लाख रुपये का सोना गायब मिला।
लापरवाही पर RBI देगा लॉकर किराए का 100 गुना
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के अनुसार, अगर बैंक की लापरवाही से आपके लॉकर में चोरी होती है, तो बैंक को सालाना लॉकर किराए का 100 गुना तक मुआवजा देना पड़ सकता है। उदाहरण के लिए, यदि आप साल भर का 4,000 रुपये किराया देते हैं, तो आपको 4 लाख रुपये तक मिल सकते हैं। लेकिन इसमें एक बड़ी शर्त भी है। अगर आप यह साबित नहीं कर पाते कि चोरी बैंक की लापरवाही के कारण हुई है, तो बैंक आपको मुआवजा देने के लिए जिम्मेदार नहीं होगा।