असम के LNIPE में छात्रा की मौत पर बवाल, सुविधाओं पर उठा सवाल
असम के लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन (LNIPE) में पढ़ाई कर रही तीसरे साल की छात्रा श्रुति उपाध्याय की मौत हो गई है। खबरों के मुताबिक, उन्हें पेट में तेज दर्द उठा था। बाद में जांच में पता चला कि उनका अपेंडिक्स फट गया था। शुरुआत में उन्हें कॉलेज कैंपस में ही दवा दी गई, लेकिन जब उनकी हालत बिगड़ती चली गई, तब उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके इस आकस्मिक निधन ने कॉलेज के छात्रों को सदमे में डाल दिया है।
LNIPE छात्रों का विरोध, निष्पक्ष जांच की मांग
श्रुति के निधन के बाद LNIPE परिसर में छात्रों का गुस्सा भड़क उठा है और विरोध प्रदर्शन भी तेज हो गए हैं। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज की मेडिकल सुविधाएं ठीक नहीं हैं और यहां स्थायी डॉक्टर न होने के कारण श्रुति के इलाज में काफी देर हो गई। वे इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। साथ ही उनका कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाएँ न हों और छात्रों को समय पर इलाज मिल सके, इसके लिए सुविधाओं में ठोस सुधार किए जाने चाहिए।