
कोच्चि के पास समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ लाइबेरियाई जहाज, 24 लोगों को बचाया गया
क्या है खबर?
केरल में कोच्चि समुद्र तट से लगभग 38 समुद्री मील दूर लाइबेरियाई मालवाहक जहाज समुद्र में आधा झुकने के बाद रविवार को पूरी तरह डूब गया।
इससे समुद्र में तेल रिसाव का खतरा बढ़ गया है। हालांकि, भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल ने बचाव अभियान चलाकर जहाज में सवार सभी 24 लोगों को सुरक्षित बचा लिया है।
21 को भारतीय तटरक्षक बल, जबकि 3 को IANS सुजाता द्वारा बचाया गया है। जहाज के मलबे को निकालने के प्रयास जारी हैं।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि जहाज के समुद्र में आधा झुकने के बाद अधिकतर कंटेनर पानी में गिर गए और अब जहाज का 80 प्रतिशत हिस्सा पानी में डूब चुका है।
उन्होंने बताया कि घटना से समुद्र में तेल रिसाव होने के साथ पर्यावरणीय क्षति का खतरा बढ़ गया है। भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल द्वारा जहाज को खींचने के उपायों पर काम किया जा रहा है।
जहाज की मालिकाना कंपनी भी बचाव अभियान में शामिल हो गई है।
जानकारी
KSDMA ने लोगों से की खास अपील
केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) ने लोगों से किसी कंटेनर या तेल के रिसाव को न छूने की अपील की है। KSDMA ने लोगों से यह भी कहा है कि यदि वे किनारे पर कंटेनर या तेल देखें तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
रवानगी
विझिगम बंदरगाह से रवाना हुआ था जहाज
अधिकारियों ने बताया कि लाइबेरियाई मालवाहक जहाज MSC ELSA-3 शुक्रवार को विझिगम बंदरगाह से कोच्चि के लिए रवाना हुआ था। इसमें मरीन गैस ऑयल (MGO) और अति निम्न सल्फर ईंधन तेल (VLSFO) भरा था।
गत शनिवार दोपहर जहाज की मालिकाना कंपनी ने भारतीय अधिकारियों को जहाज के 26 डिग्री तक झुकने की सूचना दी थी।
जहाज में मौजूद 24 सदस्यीय चालक दल में एक रूसी (कप्तान), 20 फिलीपीनी, 2 यूक्रेनी और 1 जॉर्जियाई के नागरिक शामिल हैं।