
कोरोना वायरस: देश में लगभग छह महीने बाद पहली बार 20,000 से कम नए मामले
क्या है खबर?
भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 19,556 नए मामले सामने आए और 301 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। देश में 2 जुलाई के बाद पहली बार 20,000 से कम नए मामले और 10 जून के बाद सबसे कम मौतें हैं।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,00,75,116 हो गई है। इनमें से 1,46,111 लोगों को महामारी के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 2,92,518 हो गई है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 30,000 से अधिक मरीज
ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो बीते दिन देशभर में कोरोना वायरस के 30,376 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 96,36,487 हो गई है। देश में रिकवरी 95.65 प्रतिशत पहुंच गई है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 10,72,228 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 16.32 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
राज्यों की स्थिति
ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 18,99,352 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 48,801 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य कर्नाटक में अब तक 9,10,241 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 12,016 लोगों की मौत हुई है।
8,78,937 मामलों और 7,078 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश और 8,07,962 मामलों और 11,995 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में स्थिति काबू में
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 2,834 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 55 मरीजों की मौत हुई। राज्य में स्थिति काबू में बनी हुई है और यहां मामले लगातार कम बने हुए हैं।
इसी तरह कर्नाटक में 772 और आंध्र प्रदेश में 214 नए मामले सामने आए जो बीते छह महीने में सबसे कम हैं।
वहीं तमिलनाडु में पिछले 24 घंटे में 1,071 लोगों को संक्रमित पाया गया।
डाटा
दिल्ली में 17 अगस्त के बाद सबसे कम नए मामले
देश की राजधानी दिल्ली में बीते दिन 803 नए मामले सामने आए और 27 मरीजों ने दम तोड़ा। इसी के साथ शहर में कुल संक्रमितों की संख्या 6,17,808 हो गई है, वहीं 10,304 मरीजों की मौत हुई है। टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 1.29 प्रतिशत रही।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में मरने वालों की संख्या 17 लाख पार
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 7.73 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 17.02 लाख की मौत हुई है।
सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में 1.80 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 3.19 लाख लोगों की मौत हुई है। यहां कई दिन से औसतन लगभग दो लाख मामले सामने आ रहे हैं.।
तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 72.64 लाख संक्रमितों में से लगभग 1.87 लाख मरीजों की मौत हुई है।