इलाहाबाद हाई कोर्ट में वकीलों का हंगामा, न्यायाधीश के कक्ष में तोड़फोड़
इलाहाबाद हाई कोर्ट में बुधवार को काफी गहमागहमी देखने को मिली। वकीलों के एक समूह ने जस्टिस अजय भानोट के कोर्ट रूम में कथित तौर पर प्रदर्शन किया और फर्नीचर तोड़ दिया। जस्टिस भानोट के कोर्ट में आते ही वकीलों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने जमकर नारे लगाए और एक दिन पहले की सुनवाई में जस्टिस के व्यवहार पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
बार ने जस्टिस भानोट पर कार्रवाई की मांग की
हाई कोर्ट बार एसोसिएशन ने पहले ही जस्टिस भानोट के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रखी थी। एसोसिएशन का कहना है कि जस्टिस भानोट ने एक वकील को अपमानित किया और वरिष्ठ वकील वीपी श्रीवास्तव का मजाक उड़ाया। पूरा मामला एक पुलिस अधिकारी के बैठने की जगह को लेकर हुए विवाद से शुरू हुआ। यह विवाद तब और बढ़ गया जब जस्टिस भानोट ने कथित तौर पर एक वकील को जेल भेजने का आदेश दिया और उससे माफी मांगने को कहा। एसोसिएशन का मानना है कि यह वकीलों के पेशे की गरिमा का उल्लंघन है। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश से इस मामले में सख्त कदम उठाने की अपील की है।