मुंबई लोकल में झगड़े: रातभर 2 घटनाओं ने उड़ाई सुरक्षा की नींद
बुधवार देर रात मुंबई लोकल ट्रेन में एक झगड़ा हो गया, जिसमें 2 यात्री घायल हुए। यह घटना अंबरनाथ जाने वाली ट्रेन के सामान वाले डिब्बे में रात करीब 12:30 बजे हुई। ट्रेन के कल्याण स्टेशन पहुंचने पर रेलवे पुलिस ने बीच-बचाव किया और घायल यात्रियों को फर्स्ट एड दिया। सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से एक यात्री को आगे के इलाज के लिए सियॉन हॉस्पिटल ले जाना पड़ा।
धातु के कड़े से चोट, मामला दर्ज
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि इस झगड़े में किसी हथियार का इस्तेमाल नहीं हुआ था। सामने आया कि खींचतान के दौरान किसी के हाथ में पहना धातु का कड़ा लगने से यात्री को चोट आई। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है। इसी दिन कुर्ला स्टेशन पर भी एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई।
यहां एक शख्स लकड़ी की छड़ी लेकर प्लेटफॉर्म नंबर एक पर अचानक दौड़ने लगा, जिससे यात्रियों में घबराहट फैल गई। हालांकि, स्टेशन सिक्योरिटी ने उसे तुरंत काबू कर लिया। मुंबई लोकल में लगातार हो रही इन घटनाओं ने सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर हाल ही में हुई हिंसक वारदातों के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई है।