सूरत में विमान पर लेजर हमला, 2 हफ्तों में दूसरी घटना
सूरत में 11 जुलाई की रात उतरते समय एक एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान को अचानक परेशानी का सामना करना पड़ा। हुआ यूं कि जमीन से एक लेजर बीम सीधे कॉकपिट में चमकी, ठीक उसी वक्त जब पायलट विमान उतारने की तैयारी कर रहे थे। गनीमत रही कि विमान में सवार सभी यात्री और कर्मचारी सुरक्षित रहे। हालांकि, यह बीते 2 हफ्तों में सूरत हवाई अड्डे पर हुई इस तरह की दूसरी घटना है, जिसने सबकी चिंता बढ़ा दी है।
जांचकर्ताओं ने लेजर का पता कैटारगाम इलाके से लगाया
जांचकर्ताओं को पता चला है कि यह लेजर बीम कैटारगाम इलाके से आई थी, जो शहर से लगभग 17 किलोमीटर दूर है। उन्हें आशंका है कि यह किसी पार्टी या बड़े कार्यक्रम से छोडी गई होगी। अब स्थानीय पुलिस उन सभी जगहों की जांच कर रही है, जहां इन दोनों घटनाओं वाली रातों को कोई जमावडा हुआ था। गौरतलब है कि इससे पहले भी सूरत हवाई अड्डे पर एक इंडिगो फ्लाइट को हरी लेजर बीम से ऐसी ही समस्या का सामना करना पड़ा था। अधिकारियों ने सख्त चेतावनी दी है कि विमानों पर लेजर छोडना बेहद खतरनाक है।