अगस्त से सिक्किम में भूस्खलन का तांडव जारी, अब तक 107 लोग हुए बेघर
पश्विमी सिक्किम के रिंबी गांव में अगस्त महीने से ही लगातार भूस्खलन हो रहे हैं। इन्हीं में से 24 सितंबर को एक बहुत भीषण भूस्खलन आया, जिसने 30 से ज्यादा घरों को पूरी तरह नष्ट कर दिया। इन हादसों के बाद 107 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और वे अभी एक राहत शिविर में रह रहे हैं। आपदा राहत आयुक्त रिनजिंग चेवांग ने बताया कि सभी को सुरक्षित रखने के लिए यह जरूरी कदम उठाया गया है।
सिंगलिटम से भी लोगों को निकाला गया
भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका के चलते सिंगलिटम में भी 9 और घरों को खाली कराया गया है। सरकार उन परिवारों को 1.30 लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी, जिन्होंने अपने घर खो दिए हैं। जिन लोगों की जमीन चली गई है, उन्हें घर के साथ नई जमीन भी मिलेगी, जबकि जिनके पास अभी जमीन बची है, उन्हें सिक्किम हाउसिंग स्कीम के तहत नया घर बनाने में मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने प्रभावित इलाकों में रह रहे लोगों से भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने और अधिकारियों की सलाह का पालन करने की अपील की है।