कूनो राष्ट्रीय उद्यान में भारत में पैदा हुए नर चीते की गोली लगने से मौत
क्या है खबर?
मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान से चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां विजयपुर पूर्व रेंज स्थित नितनवास बीट में एक चीते की गोली लगने से मौत हो गई। भारत में पैदा हुआ चीता राष्ट्रीय उद्यान से निकलकर मुरैना जिले में पहुंच गया था, जहां के जंगलों में वह सोमवार को घायल अवस्था में मिला। उसे शिकारियों द्वारा गोली मारने की आशंका है। उसके शरीर से गोली के छर्रे मिलने की बात सामने आई है।
घटना
क्या है पूरा मामला?
रविवार 25 अक्टूबर की शाम को मुरैना टेरिटोरियल फॉरेस्ट डिवीजन के पहाड़गढ़ रेंज में एक मॉनिटरिंग टीम को 19 महीने का शावक घायल मिला था।
उसे तुरंत एडवांस्ड वेटेरिनरी केयर के लिए जबलपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों को गोली लगने के निशान मिले और सर्जरी के दौरान छर्रे निकाले गए।
मामले में अभी तक वन विभाग की ओर से कोई बयान नहीं दिया गया है। कूनो के अधिकारियों ने प्रेस के सामने बयान देने की बात कही है।
बयान
ग्रामीणों और शिकारियों पर शक
बताया जा रहा है कि चीता सुबह 5 बजे कूनो से भटककर बाहरी गांव में घुस गया था। यहां उसने बछड़ों को अपना शिकार बनाया, जिससे पूरे गांव में हल्ला मच गया।
पहले ग्रामीणों पर चीते को लाठी-डंडों से पीटकर घायल करने की बात सामने आ रही थी, लेकिन सर्जरी और पोस्टमॉर्टम में छर्रों की पुष्टि हुई।
जबलपुर की पशु विज्ञान कॉलेज की डॉ शोभा जावरे ने पुष्टि की कि चीते के बच्चे की मौत छर्रे लगने से हुई है।
चिंता
गहन जांच शुरू
मामले ने हड़कंप मचा दिया है क्योंकि किसी चीता को गोली मारने की यह पहली घटना है। कूनो में 2020 में 20 चीते आए थे। इनमें 12 दक्षिण अफ्रीका और 8 नामीबिया से थे।
इनका परिवार बढ़कर अब 60 हो गया है, लेकिन एक चीता शावक की गोली लगने से मौत ने सबको चौंका दिया है।
घटना को लेकर स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (STSF) को इलाके में तैनात किया गया है और वह जिम्मेदार लोगों की पहचान कर रही है।