कुआलालंपुर से कोच्चि आ रहे विमान का आपातकालीन दरवाजा खोलने की कोशिश, यात्री गिरफ्तार
क्या है खबर?
मलेशिया के कुआलालंपुर से केरलम के कोच्चि आ रहे एक विमान में बैठे यात्री ने अचानक आपातकालीन दरवाजा खोलने की कोशिश की, जिससे हड़कंप मच गया। घटना बुधवार को बाटिक एयर की उड़ान OD-231 में घटी है। आरोपी पलक्कड़ जिले के कूटननाड का निवासी जमशीर अथानिक्कल है, जिसे चालक दल के सदस्यों ने पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि यात्री ने निकास द्वार की खिड़की के पैनल को भी नुकसान पहुंचाया है।
घटना
क्या है पूरा मामला?
बाटिक एयर की उड़ान ने रात 9:30 बजे कुआलालंपुर से उड़ान भरी थी, जिसे साढ़े 4 घंटे बाद कोच्चि पहुंचना था।
उसी बीच 11:05 बजे यात्री जमशीर ने आपातकालीन निकास द्वार की भीतरी खिड़की के पैनल को क्षतिग्रस्त कर दिया और दरवाजा जबरदस्ती खोलने की कोशिश की।
हरकत का पता चलते ही सहयात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने उसे रोका तो उसने धमकी देना शुरू कर दिया। हालांकि, किसी तरह उसे काबू में लिया गया।
जांच
कई धाराओं में दर्ज किया गया मुकदमा
विमान से उतरने के बाद, उसे हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के हवाले कर दिया गया, जिन्होंने उसे नेदुम्बस्सेरी पुलिस को सौंपा है।
कोच्चि में बाटिक एयर के सुरक्षा प्रभारी की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3) के तहत आपराधिक धमकी, विमान अधिनियम की धारा 11ए के तहत सुरक्षा निर्देशों का उल्लंघन और केरल पुलिस अधिनियम की धारा 118(ई) के तहत सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने के लिए मामला दर्ज किया है।
ट्विटर पोस्ट
घटना का वीडियो आया सामने
Mid-air scare on Batik Air’s #Kuala •Lumpur–#Kochi flight OD231 as a 36-year-old passenger, identified as Jamsheer Athanikkal, allegedly smashed the emergency-exit window panel and tried to force open the exit door while the Boeing 737 was airborne. Crew & passengers restrained… pic.twitter.com/bYKp9ZCUGR
— Ashish (@KP_Aashish) August 6, 2026