
कोलकाता गैंगरेप मामला: ACP प्रदीप घोषाल के नेतृत्व में 5 सदस्यीय SIT गठित, भाजपा का प्रदर्शन
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के विधि कॉलेज में छात्रा के साथ गैंगरेप के मामले की जांच के लिए पुलिस ने 5 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है। इस SIT का नेतृत्व अतरिक्त पुलिस आयुक्त (ACP) प्रदीप घोषाल करेंगे। बता दें कि 24 वर्षीय पीड़िता की मेडिकल जांच में गैंगरेप की पुष्टि हुई है। उसके शरीर पर चोट के कई निशान भी मिले हैं। इस घटना को लेकर राजधानी में जबरदस्त राजनीतिक विरोध भी देखने को मिला है।
निर्देश
SIT को दिए आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाने के निर्देश
कोलकाता पुलिस ने मामले में तेजी से जांच के लिए ACP घोषाल के नेतृत्व में 5 सदस्यी SIT का गठन कर उसे जल्द से जल्द इस मामले की तह तक जाकर आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा SIT को मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। बता दें कि इस मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर दबाव बना रही है।
झड़प
पुलिस और भाजपा कार्यकर्ता भिड़े
कोलकाता में कस्बा थाने के सामने कांग्रेस छात्र परिषद के समर्थकों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने न्यायिक जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार मामले को दबाने की कोशिश कर रही है। दूसरी ओर, भाजपा ने प्रदेशाध्यक्ष सुकांत मजूमदार के नेतृत्व में गरियाहाट चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कस्बा पुलिस स्टेशन के सामने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं के पुलिस बेरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने पर उनकी पुलिस से झड़प भी हो गई।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें विरोध प्रदर्शन की फोटो
কসবা ল-কলেজের ছাত্রীকে তৃণমূলের দায়িত্বপ্রাপ্ত লম্পট ছাত্রনেতা মনোজিৎ মিশ্র সহ তার দলবল যেভাবে রাতের অন্ধকারে গণধর্ষণ করেছে, তার প্রতিবাদে কলকাতার গড়িয়াহাট মোড়ে প্রতিবাদ করতে গেলে দলদাশ পুলিশ গ্রেপ্তার করে রাজ্য সভাপতি এবং কেন্দ্রীয় প্রতিমন্ত্রী @DrSukantaBJP সহ অন্যান্য… pic.twitter.com/XWPgMXfnsc
— BJP West Bengal (@BJP4Bengal) June 28, 2025
पृष्ठभूमि
क्या है गैंगरेप का पूरा मामला?
पीड़िता 25 जून को दोपहर 12 बजे कॉलेज पहुंची थी। परीक्षा फॉर्म भरने के बाद वह यूनियन रूम में बैठी थी। तभी आरोपी मोनोजीत मिश्रा (31), जैब अहमद और प्रमित मुखर्जी वहां पहुंचे और बहला-फुसलाकर गार्ड रूम में ले गए। वहां मिश्रा ने रेप किया और अन्य ने वीडियो बनाया था। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर तीनों आरोपियों और 55 वर्षीय गार्ड पिनाकी बनर्जी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल को भी सील कर दिया है।