Loading...
कोलकाता भगदड़: 19 लोगों की मौत, आयोजक समेत 7 गिरफ्तार; अब तक क्या-क्या हुआ?
हादसे के बाद बिखरी पड़े चप्पल-जूते

कोलकाता भगदड़: 19 लोगों की मौत, आयोजक समेत 7 गिरफ्तार; अब तक क्या-क्या हुआ?

लेखन आबिद खान
Oct 18, 2026
09:58 am

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में शनिवार शाम चोरबागान दुर्गा पंडाल में भगदड़ मच गई। इस हादसे में 2 बच्चों समेत 19 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, कम से कम 25 लोग घायल है। ये भगदड़ सप्तमी की संध्या पर चोरबागान सर्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में हुई। पुलिस ने आयोजन समेत सुरक्षा और पंडाल समिति से जुड़े 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आइए अब तक के सभी घटनाक्रम जानते हैं।

भगदड़

कब और कैसे मची भगदड़?

यह घटना 17 अक्टूबर की शाम करीब 7.40 बजे हुई। कोलकाता पुलिस के अनुसार , गिरीश पार्क पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले शारदा पार्क (चोर बागान) दुर्गा पूजा पंडाल के निकास द्वार पर भगदड़ मची।

प्रारंभिक तौर पर हादसे की 2 बड़ी वजहें मानी जा रही हैं। पहली- सप्ताहांत होने की वजह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। दूसरी- बारिश होने के चलते लोग पंडाल में घुसने लगे, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

समिति

समिति में मुख्यमंत्री के भतीजे भी, महासचिव ने इस्तीफा दिया

भगदड़ के बाद चोरबागान दुर्गा पूजा समिति के महासचिव जयंता बनर्जी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। समिति के अन्य सभी पदाधिकारियों ने भी इस्तीफा दे दिया है।

वहीं, आयोजन समिति से देवदीप अधिकारी भी जुड़े हुए हैं। वे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के भतीजे हैं।

जोड़ासांको से भाजपा विधायक विजय ओझा समिति के अध्यक्ष हैं। उत्तर कोलकाता जिला भाजपा अध्यक्ष तमोघ्न घोष भी समिति से जुड़े हुए हैं।

ADVERTISEMENT

लापरवाही

समिति पर लगे लापरवाही के आरोप

श्रद्धालुओं ने समिति पर अव्यवस्था के आरोप लगाए हैं।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि प्रवेश और निकास द्वार संकरे थे और इलाके में पर्याप्त रोशनी भी नहीं थी।

एक अन्य ने कहा कि पंडाल में जाने के लिए 360 डिग्री रास्ता था और पर्याप्त जानकारी नहीं थी।

एक श्रद्धालु ने कहा, "तेज बारिश हुई तो आयोजकों ने रस्सी उठाकर भीड़ को अंदर भागने दिया। अंदर लोग ठसाठस भर गए तो सीटी बजाकर बाहर निकलने को कहा गया। इससे धक्का-मुक्की हुई।"

ADVERTISEMENT

कार्रवाई

SIT करेगी घटना की जांच

मुख्यमंत्री अधिकारी रात में अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की।

उन्होंने घटना की जांच के लिए हाई कोर्ट के मौजूदा जज की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की बात कही है।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है।

पुलिस ने बोबाजार इलाके के कुछ हिस्सों में 18 से 20 अक्टूबर तक BNSS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है।

प्रतिक्रिया

अमित शाह ने बंगाल के कार्यक्रम स्थगित किए

गृह मंत्री अमित शाह ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वे पश्चिम बंगाल में अपने निर्धारित कार्यक्रमों को स्थगित कर रहे हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल में हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया।

राहुल गांधी ने भगदड़ को दिल दहला देने वाला बताया और पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह इस घटना से बेहद दुखी हैं

ADVERTISEMENT