अमेरिका में दोस्तों को बचाते वक्त जाल में फंसा तेलंगाना का 23 वर्षीय होरी, गंवाई जान
तेलंगाना के रहने वाले 23 साल के कोदुुरु अनुरूप रेड्डी की 29 मई को लुइसियाना के टोरोडो पार्क में जान चली गई। वे सेबान नदी में डूब रहे अपने 3 दोस्तों को बचाने की कोशिश कर रहे थे। सभी दोस्त नदी किनारे मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान कुछ ऐसा हुआ कि उनके 3 दोस्त नदी में गिर गए। अपने दोस्तों को बचाने के लिए अनुरूप ने नदी में छलांग लगा दी। लेकिन अफसोस, उनका पैर मछली पकड़ने वाले जाल में फंस गया और नदी की तेज धारा उन्हें बहा ले गई। उन्होंने हाल ही में अमेरिका की एक यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स की डिग्री पूरी की थी।
अनुरूप रेड्डी का शव हैदराबाद पहुंचा
अनुरूप रेड्डी का पार्थिव शरीर 9 जून को हैदराबाद पहुंच गया, जहां उनके परिवार और कई अधिकारियों ने अंतिम दर्शन किए। इस दुख की घड़ी में परिवार को सांत्वना देने के लिए स्थानीय नेताओं ने भी उनके घर का दौरा किया। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अनुरूप को श्रद्धांजलि देते हुए उनके साहस, निस्वार्थ सेवा और बहादुरी को 'असाधारण' बताया। उन्होंने कहा कि अनुरूप दूसरों के लिए एक मिसाल कायम कर गए हैं। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने यह भी भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में उनके परिवार की हर संभव मदद करेगी।